Home Featured 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जिला स्तर पर पोलो मैदान में होगा मुख्य कार्यक्रम।
Featured - मुख्य - 6 days ago

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जिला स्तर पर पोलो मैदान में होगा मुख्य कार्यक्रम।

दरभंगा: सेवा संकल्प अभियान के सफल एवं व्यापक आयोजन को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पथ निर्माण विभाग के मंत्री सह दरभंगा जिले के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों और जनभागीदारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे राज्य में चलेगा। दरभंगा में जिला स्तर का मुख्य कार्यक्रम पोलो मैदान, लहेरियासराय में आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने अभियान को लेकर की गई तैयारियों की बिंदुवार जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को दी।

अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर बीस सूत्री सदस्यों तथा जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया। प्रभारी मंत्री ने अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने के साथ-साथ इसके उद्देश्यों और गतिविधियों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।

विद्यालयों में भी होंगे रचनात्मक कार्यक्रम

नगर विधायक संजय सरावगी ने विद्यालय स्तर पर सेवा संकल्प अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने चित्रांकन, भाषण प्रतियोगिता समेत अन्य रचनात्मक गतिविधियां कराने तथा इनमें भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने की बात कही।

आंगनबाड़ी केंद्रों और जीविका दीदियों की भी होगी भागीदारी

अभियान के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस को दिया गया। वहीं, डीपीएम जीविका को जीविका दीदियों के माध्यम से व्यापक स्तर पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित कराने को कहा गया। प्रतिभागियों को दीप जलाते हुए सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

योजनाओं के लाभुकों को जोड़ने का सुझाव

दरभंगा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने अभियान के कार्यक्रमों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को भी शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड योजना और पीएम किसान योजना समेत अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभुकों की सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही। उनका कहना था कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ा जा सके।

बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी, राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, नगर विधायक संजय सरावगी, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी, दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल, गौड़ाबौराम विधायक सुजीत कुमार, विधान पार्षद हरि सहनी समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।

Share