
आस्था स्थल में तोड़फोड़ कर सौहार्द बिगाड़ने की हुई थी कोशिश। Voice of Darbhanga

दरभंगा: हायाघाट थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में छोटकी कोठी स्थित आस्था स्थल पर स्थापित प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा पूजा सामग्री को यत्र-तत्र फेंक दिया। यह देख लोग उग्र हो गए। विरोध में बुधवार को हायाघाट-हथौड़ी मुख्य पथ को आस्था स्थल के पास बांस-बल्ला लगाकर घंटों जाम कर दिया। इस दौरान जगह-जगह टायर जलाकर पुलिस- प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जाम हटाने पहुंचे बीडीओ प्रेम कुमार, सदर इंस्पेक्टर शिवमुनी प्रसाद, हायाघाट थानाध्यक्ष सुरेंद्र पासवान को भी जनाक्रोश झेलना पड़ा। आक्रोशितों का कहना था कि बार-बार इस तरह की घटनाएं यहां होती रहती हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन खामोश रहता है। लोग दोषी की अविलंब गिरफ्तारी व एसएसपी को बुलाने की मांग कर रहे थे। जाम से सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में सदर अनुमंडलाधिकारी गजेंद्र प्रसाद सिंह, एएसपी दिलनवाज अहमद, विधायक अमरनाथ गामी, एपीएम थानाध्यक्ष दिलीप कुमार पाठक ने स्थिति संभाली।
बताया गया कि मंगलवार रात मोहर्रम कमेटी ने जुलूस निकाला था। रात एक बजे विनोद दास जगा तो देखा कि धार्मिक पुस्तक सड़क पर फेंकी थी। इसकी खबर मिलते ही ग्रामीण पूरन पासवान, बसंत पासवान, चलितर पासवान जब धार्मिक स्थल पहुंचे तो प्रतिमा क्षतिग्रस्त थी। दान पेटी गायब थी। पूजा-पाठ के सामान बिखरे पड़े थे। इसकी जानकारी थानाध्यक्ष को रात में उनके मोबाइल पर देने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो पाई। लोगों की शिकायत यह भी थी कि थानाध्यक्ष का मोबाइल कई बार लगाने पर भी नही पकड़ रहा था। अलग नम्बरो से भी ट्राय किया गया। हालांकि, देर रात सदल बल पहुंचे थानाध्यक्ष सुरेंद्र पासवान ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
इस पुरे मुद्दे पर जानकारी देते हुए सदर डीएसपी दिलनवाज अहमद ने कहा कि पहले से कुछ निजी विवाद भी था जिसे माहौल बिगाड़ कर पर्व में खलल डालने का प्रयास किया गया। पर लोगो की सूझबूझ और प्रशसनिक तत्परता ने पूरा नही होने दिया। दोनों पक्ष मिलकर ऐसे तत्व की पहचान करेंगे और पुलिस सख्त कारवाई करेगी।

