
बैंक में नाबालिग लड़की से छेड़खानी के आरोप से तनाव, आरोपी गिरफ्तार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के पतोर ओपी क्षेत्र अंतर्गत उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक की आनन्दपुर शाखा में आयी स्थानीय अकबरपुर की एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़खानी के मामले ने आज तूल पकड़ लिया। इस खबर के बाद करीब डेढ़ दो सौ की संख्या में महिला एवं पुरुष की भीड़ ने इक्कठे होकर बैंक को घेर लिया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बैंक में डेली बेसिस पर काम करने वाले एक चतुर्थ वर्गीय कर्मी कन्हैया कुमार ने युवती के साथ छेड़छाड़ की। लोग उसे ऑनस्पॉट सजा देने पर अड़े थे। मौक़े पर एपीएम तथा पतोर दोनों थाने की पुलिस ने पहुँच कर स्थिति को संभालने की कोशिश की। सूचना मिलते ही सदर डीएसपी दिलनवाज अहमद भी दलबल के साथ पहुँचे। पुलिस किसी प्रकार आरोपी को बैंक से निकाल कर थाने पर ला पायी। आरोपी को बैंक से निकाल कर थाने पर लाने में पुलिस को भारी प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। इस बाबत जानकारी देते हुए डीएसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुरे मामले की छानबीन की जा रही है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आरोपी कन्हैया कुमार बेगुसराराय जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।

