
तजिया के दौरान दो पक्षों में जमकर हुई भिड़ंत में बीच बचाव करने वाले पुलिस कर्मी भी घायल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के कुर्सो दुर्गा मंदिर के पास रविवार की शाम ताजिया के दौरान होने वाले नुमाईशी खेलों को लेकर दो समुदायों के लोगों के बीच जमकर रोड़ेबाजी हुई। जिसमें दर्जनों लोग जख्मी हो गए। कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। एक पुलिस पदाधिकारी सहित तीन पुलिसकर्मी बीच बचाव में जख्मी हो गए। इस वारदात में तारडीह बीडीओ की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। तनाव को देखते हुए बेनीपुर के डीएसपी अंजनी कुमार, बिरौल व बिरौल के इंस्पेक्टर , विभिन्न थानों की पुलिस व दंगा निरोधी दस्ता कैंप कर रहे हैं। स्थिति नियंत्रण में बताई जाती है। मिली जानकारी के मुताबिक कुर्सों व नदियामी गांव के ताजिया निर्धारित जगहों पर रखे गए। दोनों गांवों के युवकों ने निर्धारित जगहों पर अपन-अपने खेलों का प्रदर्शन किया। बताया जाता है मनाही के बावजूद कुर्सो के कुछ तजिया खेलने वाले युवक नदियामी गांव के तजिया खेलने वाले युवकों द्वारा खेले जा रहे नुमाइशी खेलों में बल पूर्वक हस्तक्षेप करना चाहा। जिसका विरोध किया गया। जिसमें गांव के दूसरे समुदाय के भी कुछ युवक थे। विरोध होते देख कुर्सों के युवक ताजिया लेकर लौट गए। बताया जाता है विरोध का बदला लेने के लिए डीजे बजाते हुए भारी संख्या में कुर्सों से तजिया खेलने वाले युवक कुर्सों दुर्गा मंदिर के पास आ धमके। विरोध करने वाले एक दूसरे समुदाय के युवक की पिटाई कर दी। इसके विरोध पर दोनों ओर से रोड़ेबाजी होने लगी। जिसमें दर्जनों लोग जख्मी हो गए। कई दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। बाद में नदियामी के लोगों के ज्यादा संख्या देख वे लोग भाग निकले। सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस पहुंच गई।

