
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को दहेज़ एवं बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलायी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एसएसपी कार्यालय सहित जिले के तमाम थानों में सोमवार को पुलिस कर्मियों को बाल विवाह और दहेज उन्मूलन की शपथ दिलाई गई। एसएसपी कार्यालय परिसर में वरीय पुलिस अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने लहेरियासराय थाना, पुलिस लाइन व महिला थाना के पुलिस कर्मियों को दहेज प्रथा व बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई। इस दौरान कर्मियों ने 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की व 21 वर्ष उम्र से कम उम्र के लड़के का विवाह नहीं करने की शपथ ली। साथ ही इस तरह के आयोजन में जहां बाल विवाह या दहेज का लेन-देन हुआ हो, ऐसे कार्यक्रमों में शिरकत नहीं करने की पुलिस कर्मियों ने शपथ ली। कर्मियों ने इस अवसर पर इस सामाजिक बुराई की रोकथाम में हरसंभव प्रयास करने का वचन व प्रतिज्ञा ली। वहीं, एसएसपी श्री सिंह ने भी दहेज मुक्त बिहार व बाल विवाह उन्मूलन कार्यक्रम में सहयोग की बात कहीं। उन्होंने कहा कि बाल विवाह व दहेज के मामले में किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। मौके पर सदर एसडीपीओ दिलनवाज अहमद के अलावा कई पुलिस कर्मी मौजूद थे। वहीं, दूसरी ओर जिले के बहादुरपुर, टाउन, सदर, विवि, बेंता ओपी, मब्बी, कमतौल, सिंहवाड़ा, केवंटी कमतौल आदि थानों में थाना प्रभारियों ने पुलिस कर्मियों को शपथ दिलाई।

