
नवविवाहित पुरुषों के यहां कन्या पक्ष से आये भार को बाँट कर धूमधाम से मना कोजगरा। Voice of Darbhanga
दरभंगा: मिथिला में गुरूवार को गांव- गांव में कोजागरा के अवसर पर पान- मखान का वितरण किया गया। शरद पूर्णिमा यहां के लोगों के लिए बहुत खास होता है। नवविवाहित लड़के के घर लड़की वाले के यहां से भार स्वरूप विभिन्न तरह की सामग्री भेजी गई। शुभ समय में लड़का का चुमाओन कराने के बाद समाज के लोगों के बीच पान- मखान का वितरण किया गया। कहते हैं कि आज के दिन प्रत्येक व्यक्ति पान व मखान निश्चित रूप से खाते हैं। दूसरी ओर इस दिन विशेष कर गौरीय वैष्णवों में भी काफी उत्साह के साथ भजन- कीर्तन किया जाता है। संत श्रीचरण दास कहते हैं कि शारदीय पूर्णिमा की रात में ही महारास प्रारंभ हुआ था। इसलिए वैष्णवगण इस रात में रासपंचाध्यायी का पाठ अवश्य करते हैं। मौके पर राधा- कृष्ण के मंदिरों में कई कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। मिथिलांचल में इस दिन हर्षोल्लास के साथ लक्ष्मी पूजा भी होती है
तारडीह प्रखण्ड में शरद पूर्णिमा के अवसर पर मिथिला का महत्वपूर्ण पर्व कोजगरा जदयू नेता अरुण झा के यहां कठरा गाँव में बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर उनके यहां सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। शाम होते ही लोग पान- मखान और मिठाई खरीदने को लेकर बाजार गुलजार रहे। कोजगरा को लेकर नवविवाहित मैथिल ब्राह्मणों के परिवारों में काफी उत्साह का माहौल रहा। संजय झा फ्रेंड्स क्लब के संचालक समीर झा ने बताया कि इस दिन कन्या पक्ष के द्वारा वर पक्ष को पान मखान मिठाई और वर के लिए नए वस्त्र भेंट स्वरूप दी जाती है। जिसे वर पक्ष द्वारा उसी पान मिठाई मखान को अपने समाज में वितरण करते हैं। आज के दिन घर- घर लक्ष्मी की पूजा अर्चना एवं घरों में अर्पण भी दिया जाता है।
सिंहवाड़ा प्रखंड के मिश्रौली में आईटी क्षेत्र के जाने माने व्यवसायी रवि निशांत मिश्रा की भी उस वर्ष शादी हुई है। उनके यहां भी कोजगरा बड़े धूम धाम से मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित उनके करीबी मित्र बलबीर चौधरी ने बताया कि पूरे विधि विधान से कोजगरा सम्पन्न हुआ है। इस अवसर पर शुक्रवार की शाम में इष्टजनों केलिए एक भोज का भी आयोजन किया गया है।

