
लालू यादव हैं बिहार के रॉबर्ट वाड्रा: सुशील मोदी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बिहार के उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज अपने दरभंगा दौरे में लालू यादव पर जमकर निशाना साधा। श्री मोदी ने कहा है कि संपत्ति अर्जित करने के लिए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने किसी को नहीं बख्शा। पार्टी के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी से भी मंत्री बनाने के एवज में जमीन ली। पटना में सिद्दीकी की लाखों की जमीन की रजिस्ट्री राबड़ी देवी के नाम मात्र 37 हजार रुपये में करवाई गई। आज लालू प्रसाद की गलती का खामियाजा उनका पूरा परिवार भुगतने का तैयार है।
रविवार शाम सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुमो ने कहा कि लालू प्रसाद बिहार के राबर्ट बाड्रा हैं। विधायक बनाने के एवज में राकेश रंजन व मो. शमीम से वसीयतनामा लिखवाया। इसमें वर्णित है कि मेरे मरने के बाद अमुक जमीन तेजस्वी यादव व तेजप्रताप यादव के नाम हो जाएगी। साले प्रभुनाथ यादव को भी नहीं बख्शा।
कांग्रेस -राजद पर निशाना साधते हुए सुमो ने कहा कि वंश या परिवार के आधार पर पार्टी अध्यक्ष का चुनाव नहीं होना चाहिए। यह परंपरा गलत है। राजद में एक से बढ़ कर एक दिग्गज नेता रघुवंश प्रसाद सिंह, अब्दुल बारी सिद्दीकी, जगतानंद सिंह आदि अध्यक्ष पद के काबिल उम्मीदवार हैं। इसी तरह कांग्रेस में भी एक से बढ़कर एक नेता हैं।
बाढ़ के स्थायी समाधान पर बोलते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार मिथिलांचल में बाढ़ के स्थायी समाधान के लिए प्रयासरत है। लेकिन, नेपाल में राजनीतिक अस्थिरता इसमें सबसे बड़ा बाधक है। बावजूद प्रयास जारी है। हाल में नई दिल्ली आए नेपाली पीएम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ के स्थायी समाधान की दिशा में बातचीत की थी।
सुमो ने कहा कि सूबे में पहली बार सभी बाढ़ पीडि़तों के खातोंं में छह- छह हजार रुपये दिए गए। बिहार सरकार ने इसके लिए अपने बजट से 2000 करोड़ रुपये आवंटित किए।

