
उपमुख्यमंत्री के समक्ष बाढ़ राहत में गड़बड़ी का एनडीए नेताओं ने ही लगाया आरोप। Voice of Darbhanga

दरभंगा : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज समाहरणालय सभागार में बाढ़ राहत कार्य की समीक्षा की. समीक्षा के क्रम में राजग के विधायको ने ही प्रशासनिक दावे को झुठला दिया. जिसके बाद जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने उपमुख्यमंत्री को आश्वत किया कि उच्चस्तरीय जांच टीम गठित कर दोषी पदाधिकारी एवं कर्मचारी के विरूद्ध कारवाई करेंगे. शुरू में जिलाधिकारी ने बाढ़ राहत कार्य की ब्योराबार जानकारी दी. जब विधायकों की बारी आयी तो भाजपा विधायक संजय सरावगी ने शहरी क्षेत्र में बाढ़ पीड़ितों की सूची बनाने में अनियमितता की शिकायत की और कहा कि शहरी क्षेत्र में बाढ़ प्रभावितों को सहाय राशि उपलब्ध नहीं हुई है. भाजपा विधायक जीवेश मिश्रा ने कहा कि वास्तविक रूप से बाढ़ प्रभावित परिवारों को अब तक लाभ नहीं मिल सका है. उन्होंने बाढ़ पीड़ितों की सूची की जांच कराने की मांग की. जदयू विधायक अमरनाथ गामी ने भी बाढ़ पीड़ित परिवारों की सूची में गड़बड़ी की शिकायत की और कहा कि अकराहा गांव नदी में पूरी तरह समा गया था और वहां के 60 परिवारों को सूची में स्थान नहीं देने की बात कही. श्री गामी ने क्षेत्र के जर्जर पुल-पुलिये की मरम्मती की भी मांग की. विधान पार्षद अर्जुन सहनी ने मछली और मखाना की हुई क्षति के बावजूद राहत नहीं मिलने की शिकायत की. उन्होंने मछुआरे को किसानों के तरह ही मुआवजा देने की मांग की, लेकिन भाजपा के विधान पार्षद सुशील कुमार सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा चलाये गये राहत कार्य की प्रसंशा की.

