
भरवाड़ा में हमला झेलने के बाद अब दिल्ली में लुटे भाजपा के चर्चित विधायक जिबेश कुमार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जाले विधामसभ के भाजपा विधायक जिबेश कुमार से दिल्ली के बेगमपुर इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने मंगलवार की रात लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया. लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने भाजपा विधायक को जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गये. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने विधायक जिबेश कुमार के बयान पर केस दर्ज कर लिया है. पुलिस फिलहाल आरोपियों की हुलिये के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है.
जानकारी के अनुसार, जिबेश कुमार दिल्ली के प. रोहिणी सेक्टर-23 में रहते है. जिबेश कुमार बिहार के जाले से भाजपा विधायक है. पुलिस को दी गयी शिकायत में भाजपा विधायक ने बताया कि मंगलवार देर शाम वह घर के बाहर टहल रहे थे. तभी पीछे से बाइक सवार दो युवक आये और उनके हाथ से एप्पल मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गये. इस दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.
ज्ञात हो कि हाल में ही अपने गृह विधानसभा के भरवाड़ा बाज़ार एक जुलुस के दौरान उनके ऊपर हमले की खबर भी आयी थी जिसके बाद एफआईआर दर्ज करने तक में काफी हाई वोल्टेज राजनितिक हलचल हुई थी. इतनी जल्दी में दिल्ली में भी हमले की खबर सुनकर शुभचिंतकों ने उनका हाल पूछना शुरू कर दिया.

