
मोकामा में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में दरभंगा की होगी ऐतिहासिक भागीदारी : गोपालजी। Voice of Darbhanga

बेनीपुर : भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष गोपालजी ठाकुर ने आज यहां कहा कि मोकामा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में दरभंगा की मजबूत भागीदारी होगी. बेनीपुर के दुर्गा मंदिर में अपने सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को श्री ठाकुर संबोधित कर रहे थे. वैसे तो कार्यक्रम उनके विधान सभा क्षेत्र में था, जहां का प्रतिनिधित्व वे विधान सभा में कर चुके हंै. कार्यक्रम उनके प्रदेश उपाध्यक्ष और चार लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी बनने के अवसर पर था, लेकिन अभिनंदन कार्यक्रम में भी श्री ठाकुर ने मोकामा में आयोजित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम पर ही अपना भाषण केन्द्रीत रखा. उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य दोनों में राजग की सरकार है और उसका फायदा बिहार वासियों को मिल रहा है. ऐसे में जरूरत है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा सरकार और पार्टी के स्तर पर गरीब, कमजोर वर्ग के लिए जो कार्य किया जा रहा है. उसका लाभ गरीबों को मिले. साथ ही इसकी जानकारी भी गरीबों को हो. इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को इस उपलब्धि से अवगत करावें और 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में एक बार फिर दो-तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बने, यह सुनिश्चित करना है. कार्यक्रम में बेनीपुर पश्चिमी के अध्यक्ष संतोष झा, पूर्वी के अध्यक्ष राधेश्याम झा, जिला उपाध्यक्ष रामपदारथ ठाकुर, किसान मोर्चा के अध्यक्ष मणिकांत झा, रामसागर ठाकुर, ललित झा, अभय लाल, बिंदे सहनी, संजीव झा, मदन महतो, अरूण झा, कृष्ण कुमार राय, रमणजी पासवान, भगवान पाठक, सुरेन्द्र ठाकुर, नेही राम, प्रवीण झा, पवन कुमार महतो, संजीव ठाकुर, विमलेन्द्र झा आदि मौजूद थे.

