
ट्रैफिक का जायजा लेने खुद निकले एसएसपी, डॉक्टर की कार सहित जब्त की चार गाड़ियां। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शहर को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए एसएसपी सत्यवीर सिंह के निर्देश के बाद शुक्रवार से पुलिस की सख्ती नजर आ रही है। साथ ही साथ एसएसपी श्री सिंह ने शनिवार को स्वयं भी शहर का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वन वे का उलंघन कर रहे चार वाहन को पकड़ा। सभी के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पकड़े गए वाहनों में एक चिकित्सक की गाड़ी है तो एक डब्ल्यूएचओ की। बताया जाता है कि रहमगंज में उन्होंने दो बोलेरो को नो इंट्री से पास करते हुए देखा। इसके बाद उन्होंने दोनों गाड़ी को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं नाका नंबर पांच के पास उन्होंने एक बैगन आर कार व एक मैजिक गाड़ी को जब्त कर लिया। चालक के खिलाफ नो इंट्री का उल्लंघन करने सहित सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न करने व आम लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया गया है। मालूम हो कि विगत दो दिनों से शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाया जा रहा है। इस कार्य को दो सेक्टर में बांटकर 60 पुलिस कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पुलिसिंग व्यवस्था को देख नो इंट्री का उलंघन करने वाले व नो पार्किंग जोन में वाहन लगाने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। सख्त अभियान के कारण सड़कों पर टेंपो की संख्या में भी काफी कमी आ गई है। बताया जाता है कि बिना कागजात वाली गाड़ी सड़क से अचानक गायब हो गई है।

