
स्वर्ण व्यवसायी के घर भीषण डकैती, डकैतों की तलाश में पुलिस ने की घेराबंदी। Voice of Darbhanga
दरभंगा: कमतौल थानाक्षेत्र के ब्रह्मपुर निवासी स्वर्ण व्यवसायी भुवनेश्वर ठाकुर के घर बीती रात डकैतों ने जमकर उत्पात मचाया और लूट पाट की। इस सम्बन्ध में वॉयस ऑफ़ दरभंगा को जानकारी देते हुए गृह स्वामी ने बताया कि रात पौने बारह बजे करीब 15-20 की संख्या में डकैत दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और सबके हाथ पैर गमछे से बाँध दिया। उनलोगों को फट्ठे से मारा पीटा भी। साथ ही घर में रखे करीब दो भर सोना, पंद्रह भर चाँदी, आठ हजार नगद सहित कई सामान ले गए। साथ ही उनके दूकान की चाभी भी ले गए। जाते समय दरवाजे पर बम भी फोड़ा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस द्वारा उनके कदम चौक स्थित दूकान की सुरक्षा में पुलिस को भेजा गया जिससे दूकान की लूट नही हो सकी। आसपास के थानों के साथ मिलकर क्षेत्र की घेराबंदी कर डकैतों को पकड़ने का प्रयास जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित का हाल जानने पहुँचे स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष शम्भू ठाकुर ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से जल्द से जल्द डकैतों को पकड़ने और सजा दिलवाने की मांग की है। इस घटना से स्वर्णकार संघ काफी दुखी और गुस्से में हैं।

