
तो क्या भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को जानती तक नही है जिला कमिटी? Voice of Darbhanga

दरभंगा। अभिषेक कुमार
यूँ तो राजनीति में संगठन और समाजहित की बात करना बेमानी होती जा रही है। पर दरभंगा जिला भाजपा इस कहावत को चरितार्थ करने में बाकी सबसे एक कदम आगे शायद खुद को रखना चाहती है। जिलाध्यक्ष के चुनाव का विवाद किसी से छुपा नही है। अब युवामोर्चा के जिलाध्यक्ष पद पर निर्भय भरद्वाज के चयन ने एक नया विवाद और असंतोष का माहौल पैदा कर दिया है।
विगत कई महीनों से दरभंगा भाजपा के युवा मोर्चा का पद खाली था और इसपर रस्साकस्सी चल रही थी। पार्टी सूत्रों की माने तो बहुत माथापच्ची के बाद भी जिलाध्यक्ष द्वारा भेजे गए चार नाम अमित झा, नन्द किशोर झा, राजू सिंह तथा एक अन्य नाम पर विभिन्न कारणों से सहमति नही बन पायी थी। तब दरभंगा के एक प्रदेश स्तर के कद्दावर नेता द्वारा युवा नेता बालेन्दु झा का नाम सुझाया गया। इसपर कोई विवाद साबित नही हुआ। पर नाम न बताने की शर्त पर एक नेता ने बताया कि जिलाध्यक्ष द्वारा बालेन्दु झा के नाम पर एक माननीय के विरोध का हवाला दिया गया। फिर मामला लटक गया। ऐसे में मंगलवार को निर्भय भरद्वाज के नाम की चर्चा आते ही सोशल मीडिया में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने असंतोष दिखाना शुरू कर दिया। तमाम असंतोषो के बाद भी बुधवार की शाम जिलाध्यक्ष हरी सहनी द्वारा नियुक्ति किये जाने की अधिकारिक जानकारी जिला मीडिया प्रभारी अमलेश झा द्वारा जारी की गयी।
इस सूचना के आते ही सोशल मीडिया में भाजपा कार्यकर्ताओं का असंतोष खुल कर सामने आने लगा है। निर्भय भरद्वाज के पूर्व में पार्टी में सक्रियता के संबंध में पूछे जाने जिला मीडिया अमलेश झा ने कहा कि उन्होंने कभी भी इस नाम के व्यक्ति को पार्टी के किसी कार्यक्रम में आजतक नही देखा और न इससे पहले नाम सुना। कुछ ऐसा ही बयान जिला कमिटी के कुछ अन्य सदस्यों ने भी दिया।वहीँ इस पुरे मामले से पल्ला झाड़ते हुए जिलाध्यक्ष हरी सहनी ने कहा कि करीब दो महीने पूर्व दरभंगा दौरे पर आये प्रदेश अध्यक्ष नित्यनाद राय ने कुछ कारणवश इसकी जिम्मेवारी जाले विधायक जिबेश कुमार को सार्वजनिक रूप से दी थी। जिबेश कुमार ने जिनका नाम दिया, उन्होंने मुहर लगा दिया।
निर्भय भरद्वाज के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार वे मधुबनी लोकसभा क्षेत्र के केवंटी विधानसभा के टेकटार पंचायत के निवासी बताये जाते हैं। एक पूर्व युवाध्यक्ष का कहना था कि पार्टी के दरभंगा के सांसद से ऐसे ही नाराजगी चल रही है और ऐसे में मधुबनी लोकसभा क्षेत्र के व्यक्ति को दरभंगा जिला का युवा मोर्चा अध्य्क्ष बनाना पार्टी केलिए नुकसानदेह ही होगा। सूत्रों की माने तो जाले विधायक जिबेश कुमार की निर्भय भरद्वाज से विशेष निजी परिचय पिछले कुछ महीनो से है और हाल ही में युवामोर्चा के जिलाध्यक्ष के चयन की जिम्मेवारी एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने जिबेश कुमार को दी। पार्टी सूत्रों की माने तो बिना प्राथमिक सदस्य बने सीधे सक्रिय सदस्य बना कर जिबेश कुमार की कृपा से पार्टी से दूर दूर तक नाता नही रखने वाले निर्भय भरद्वाज को युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष बना दिया है।
इस नियुक्ति के बाद सोशल मीडिया में शुरू हुए असंतोष और नाराजगी का नुकसान कहीं पार्टी की छवि के नुकसान के रूप में न उठाने की स्थिति उतपन्न हो जाए, इसकी संभावना भी पार्टी के बुद्धिजीवियों द्वारा जतायी जा रही है। ऐसे में जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले युवाओं को खुद को उपेक्षित महसूस करना लाजिमी है। आने वाले दिनों में जिला भाजपा के द्वारा इस असंतोष और नाराजगी से निपटना निश्चित रूप से एक बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।

