
दो ब्यूटी पार्लर संचालकों के बीच देर शाम हुई मारपीट में चार घायल, दो गिरफ्तार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शहर के लहेरियासराय थानाक्षेत्र स्थित गुदरी बाज़ार में गुरूवार देर शाम दो ब्यूटी पार्लर संचालकों के बीच आपसी प्रतिद्वंदिता में जबरदस्त मारपीट की घटना होने की जानकारी मिली है। रिया ब्यूटी पार्लर के संचालिका एवं सहयोगियों द्वारा देर शाम पार्लर में घुस कर मारपीट करने का आरोप अपने पार्लर के सामने अवस्थित सुहागन ब्यूटी पार्लर के संचालकों के ऊपर लगाया है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि सुहागन ब्यूटी पार्लर वाले असामाजिक तत्वों को बैठा कर रखते हैं और पार्लर नही चल पाने का खुन्नस उतारने गुंडों को भेज कर तोड़फोड़ एवं मारपीट करवाया। इस मारपीट में पीड़ित पक्ष के बचाव में आये उनके परिजन राजेश मंडल, संजीत मण्डल आदि सहित चार लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी दिलनवाज अहमद ने लहेरियासराय थाना की पुलिस को भेजा। पुलिस ने पहुंचकर कर तत्काल मारपीट करने के आरोप में दो लोगो को हिरासत में ले लिया। हलाँकि इस मामले में पूछने पर थानाध्यक्ष आर के शर्मा ने घटना की पुष्टि तो की परंतु कुछ भी विशेष नही बताया। श्री शर्मा ने कहा कि पीड़ित पक्ष के बयान और आवेदन मिल जाने के बाद ही पुलिस घटना के कारणों को स्पष्ट कर पायेगी।

