
दो पक्षों में तनाव को सुलझाने गयी पुलिस की गाड़ी पर हमला। Voice of Darbhanga

दरभंगा: नेहरा ओपी क्षेत्र के पैठान कबई गांव में अष्टयाम के लिए कलश विसर्जन को लेकर उत्पन्न तनाव शुक्रवार को उत्पात में बदल गया। उत्पाती तत्वों की रोड़ेबाजी में प्रशासन की तीन गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इसमें सीओ, बीडीओ एवं पुलिस इंस्पेक्टर की गाड़ियां शामिल हैं। वहां पुलिस कैंप कर रही है। एसएसपी सत्यवीर सिंह ने बताया कि अभी स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कुछ उत्पाती तत्वों ने पुलिस की गाड़ियों पर रोड़ेबाजी की थी। प्राप्त समाचार के अनुसार अष्टयाम कलश विसर्जन को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया था । तनाव की गंभीरता को देखते हुए पैठान कबई गांव में एसडीपीओ अंजनी कुमार, इंस्पेक्टर राम लायक राम, मनीगाछी राजीव कुमार एवं नेहरा के प्रभारी रंजन कुमार, बीडीओ सुभाष कुमार, सी ओ भास्कर कुमार मंडल के अलावे पर्याप्त मात्रा में पुलिस को तैनात कर दिया गया है। इसके अलावे नेहरा ओपी पर भारी मात्रा में पारा मिलेट्री व बीएमपी फोर्स को रिर्जव में रखा गया है। पैठान कबई गांव के दास टोला स्थित महावीरजी मंदिर पर विगत करीब चार दशकों से छठ पर्व के अवसर पर अष्टयाम होता आ रहा है। जिसके कलश का विसर्जन नैना घाट सड़क होते हुए बेल पोखर में होता आ रहा है।पोखर की दूरी महावीर जी मंदिर से करीब एक किलोमीटर है।बताया जाता है कि कलश विसर्जन को लेकर कुछ लोगों ने अष्टयाम आयोजकों को उस रास्ते से विसर्जन जुलूस नहीं निकालने की धमकी दी। जिससे दोनों समुदायों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया। तनाव की सूचना पाकर किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासनिक अधिकारी एवं पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गए।अधिकारियों ने दोनो पक्षों से बातचीत कर बिगड़ती स्थिति को नियंत्रित कर लिया।लेकिन ऐन मौके पर कुछ शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने के लिए रोड़ेबाजी शुरू कर दी। पुलिस बल ने उनपर हल्का बल प्रयोग कर तुरंत नियंत्रण कर लिया। अभी दंगा नियंत्रण वाहन को भी वहां तैनात कर दिया गया है। अभी स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में बताई गई है।

