Home मुख्य राजनितिक दलों में जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से नाराज युवाओं ने भरी हुँकार। Voice of Darbhanga
मुख्य - October 29, 2017

राजनितिक दलों में जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा से नाराज युवाओं ने भरी हुँकार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एक तरफ जहाँ सभी दलों के शीर्ष नेतृत्व द्वारा युवाओं को देश की रीढ़ और राजनीति में बढ़ कर भाग लेने केलिये प्रोत्साहित किये जाने की बात हो रही है, वहीँ दरभंगा में हकीकत इससे काफी दूर है। इसी विषय पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला मंत्री सुमित कुमार झा के आह्वान पर रविवार को दर्जनों युवा कार्यकर्त्ता लहेरियासराय स्थित धरनास्थल पर एकत्रित हुए और जमकर अपनी भड़ास निकालते दिखे। अपरोक्ष रूप भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष के चयन का मुद्दा निशाने पर रहा। सभा को संबोधित करते भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमित झा ने इस सिस्टम पर प्रहार करते हुए कहा कि पार्टी के के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ कर पार्टी के उम्मीदवार को हराने वाले को पैसे के बदौलत अगलीबार टिकट मिल जाता है और फिर वे पैसे के बदौलत जीत भी जाते हैं। ऐसे लोग जमीनी कार्यकर्त्ता का महत्व क्या समझेंगे! उन्हें तो सिर्फ पैसे वाले का महत्व दिखेगा। ऐसे लोगो को जिलाध्यक्ष बनाएंगे जो उनकी चमचागिरी करे और ठेकेदारी करके उनतक कमीशन पहुंचाए। पार्टी के एक जिलामंत्री पर बिना नाम लिए कटाक्ष करते हुए कहा कि बाहरी जिला से आकर दरभंगा में राजनीती कर सकते और विधायक बनने का सपना वे देख सकते हैं। पर स्थानीय युवा यहां आगे बढ़े तो उन्हें तकलीफ होती है। प्रतिनिधियो के चुनाव पर भी श्री झा ने प्रहार करते हुए कहा कि जो जिला तो क्या राज्य के भी मूल निवासी नही है, वे यहां से विधायक बन जाते हैं चाहे कोई भी दल हो। पर स्थानीय युवा जो दिनरात पार्टी केलिए काम करे, वे पद की अपेक्षा क्यों नही कर सकते! श्री झा ने सभी युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वक्त आ गया है कि युवा अपनी एकता का परिचय दें और एक होकर समाज में जाकर समाज के हित में काम कर अपनी ताकत दिखा दें। तोड़ने वाले के साजिश या लालच में न फंसे और दूर रहें।

सभा को संबोधित करते किसान मोर्चा के जिला मंत्री सुमित कुमार झा ने कहा कि सभी दलों का यही हाल है। हम युवाओं को आगे आकर एक एक मुद्दा उठाकर काम करके उदाहरण प्रस्तुत करना होगा। आज जाति धर्म के बंधन को तोड़ कर सभी युवाओं को एकता का परिचय देना होगा जिसकी शुरुआत हो चुकी। यहां अलग अलग क्षेत्र से सभी वर्गों के युवाओं ने एक मंच पर आकर इस मुहीम का आगाज कर दिया है। युवा अगर ठान ले तो समाज की दिशा और दशा को बदल सकते हैं।

सभा में आशुतोष झा, राजीव झा, हरिओम कुमार, मो0 शादाब, मो0 अख्तर, मो0 फैयाज, शंकर मुखिया, कौशल झा, अरुण झा, मो0 इमॉमुद्दीन, सिकन्दर कुमार महतो संतोष कुमार महतो आदि सहित चार दर्जन से अधिक युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवायी। सभा के दौरान भाजपा जिला कमिटी के एक वरिष्ठ नेता ने भी सभास्थल के पास पहुँच कर युवाओं का हौसला बढ़ाया।

Share

Leave a Reply