
पैठान कबई मामला: मुखिया जी पति एवं समर्थकों सहित फरार, पुलिस कर रही है तलाश। Voice of Darbhanga

दरभंगा: मनीगाछी थाना क्षेत्र के पैठान कबई गांव में 27 अक्टूबर को हुई घटना को लेकर पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की है। नेहरा ओपी प्रभारी रंजन कुमार ने एक प्राथमिकी में पंचायत की मुखिया इशरत जहां, उनके पति हसनैन खान, काले खान, जहांगीर खान, आले खान, गुलाब खान सहित अन्य पचास लोगों को नामजद कर दो सौ अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। इन लोगों पर बेवजह सड़क जाम करने, सामप्रदायिक माहौल उत्पन्न करने, सरकारी कामकाज में बाधा उत्पन्न करने, पुलिस की रायफल छीनने, प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस बल पर पथराव करने, सरकारी गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करने सहित कई संगीन आरोप लगाया गया है। प्राथमिकी में माहौल को शांत करने के लिए डीसीएलआर के निर्देश पर आंसू गैस के गोले छोड़ने की बात कही गई है। नामजदों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। लेकिन, तीन दिन बाद भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
वहीं दूसरी प्राथमिकी अष्टयाम समिति के सदस्यों पर की गई है। रोशन कुमार दास, अभय प्रकाश भारती, अखिलेश दास, गोपाल कुमार, राजकुमार, राजीव दास सहित कुल 11 लोगों पर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने, बिना लाइसेंस के क्लश विसर्जन जुलूस निकालने आदि का आरोप लगाया गया है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। बीडीओ सुभाष कुमार एवं सीओ भास्कर कुमार मंडल को बतौर मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्त किया गया है। दोनों समुदाय से शांति समिति के बनाएं गए 11-11 सदस्यों की बैठक रविवार को शिवनंदन दास के आवास पर की गई। सभी सदस्यों ने एक साथ गांव का भ्रमण कर शांति बनाए रखने का अपील किया। मौके पर सोहेल खान, नज्जू खान, फूलबाबू खां, समिति पति जफर खां, तिलक दास, रामसेवक दास सहित अन्य सामिल थे।

