
विनोद स्वाइका हत्यकाण्ड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने का पुलिस ने किया दावा। Voice of Darbhanga

दरभंगा : 8 अगस्त 2016 को शहर के व्यवसायी विनोद स्वाइका की हत्या कर 4 लाख की राशि लूट मामले में मुख्य आरोपी अपराधकर्मी रमेश सहनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी विशनपुर थाना के मुस्तफापुर गांव से हुई है. मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक दिलनवाज अहमद ने बताया कि पिछले दिनों बाजार समिति के मखाना व्यवसायी राजेश कुमार उर्फ बबलू यादव से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी रमेश कुमार को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है. एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी घटना के बाद भाग कर देहरादून चला गया था. 23 अक्टूबर को वह गोरखपुर से गांव आया था. उन्होंने कहा कि आरोपी ने शहर के चर्चित व्यवसायी विनोद स्वाइका को गोली मारकर 4 लाख लूट लिये थे. साथ ही इसने सैदनगर में हुई गोलीकांड में सेवानिवृत्त दरोगा के पुत्र व अपराधी सहित उसके दोस्त को गोली मारकर घायल कर दिया था. जिसके बाद रौनक सिंह, रमेश सहनी व हत्या मामले के सजायाफ्ता रौशन ठाकुर ने मिलकर एक गैंग बनाया और शहर के व्यवसायी से रंगदारी वसूलने के प्लान किया. इन लोगो ने सिमरी स्थित एक लाईन होटल पर रंगदारी वसूलने के प्लान बनाने के बाद शुभंकरपुर के बाबा महेश राय से आशीर्वाद स्वरूप विभूत व फूल लिये. जिसके बाद रौशन बाईक से बाजार समिति में मखाना व्यवसायी के यहां पहुंच उसे खोजा. जब उसे राजेश नहीं मिला तो उसने दुकान के कर्मी को एक पुर्जा देकर चला गया. जिसमे 10 लाख रंगदारी की मांग की गयी थी. जिसमे लिखा था कि यदि रकम नहीं पहुंचाया गया तो व्यवसायी स्वाइका और जोंटी जैसे परिणाम भुगतने को तैयार रहे. इस मामले को लेकर नगर थाना में 16 जून को मामला दर्ज करवाया गया था. जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कारवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की सहायता से रौनक सिंह को गिरफ्तार किया था, लेकिन घटना का मुख्य आरोपी रमेश सहनी फरार था. एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार रमेश के ऊपर सिमरी थाना में कांड संख्या 94/98, विशनपुर थाना में 67/12, नगर थाना में 187/16 तथा विवि थाना में 138/02 सहित दर्जनों डकैती, हत्या व आर्म्स एक्ट जैसे मामले दर्ज है. जिसमे वो जमानत पर था.

