
अश्विनी चौबे का दौरा विवादों में घिरा, गठबन्धन के विधायक ने ही उठाया सवाल। Voice of Darbhanga
दरभंगा : हायाघाट विधानसभा क्षेत्र के बिठौली में अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र का तीन नवम्बर को उद्घाटन विवादों के घेरे में आ गया है. केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्वनी चौबे शुक्रवार को उद्घाटन करेंगे. हायाघाट से जदयू के विधायक सह बिहार विधानसभा प्रश्न एवं धयानाकर्षण समिति के सभापति अमरनाथ गामी ने अपने ही गठबन्धन के केंद्रीय राज्य मंत्री द्वारा होने वाले उद्घाटन के कार्यक्रम पर प्रश्न चिन्ह खड़ा किया है और कहा है कि अर्ध निर्मित स्वास्थ्य केन्द्र का उद्घाटन का कार्यक्रम रख कर जिला का स्वास्थ्य विभाग मंत्री को गुमराह कर गलत तरीके से उद्घाटन करवा रहा है. जबकि उनके ही क्षेत्र में चार अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र बनकर तैयार है. विधायक श्री गामी ने लिखित वक्तव्य जारी कर कहा है कि भवन में शौचालय, बिजली और पानी की व्यवस्था नहीं है. ऐसे में अस्पताल चलाना संभव ही नहीं है. उन्होंने आरोप लगया है कि किसी के दबाव में आकर मंत्री से उद्घाटन करवाया जा रहा है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि बेनीपुर और हायाघाट विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम रखा गया है, परंतु क्षेत्रीय विधायक होने के बावजूद किसी तरह की जानकारी उन्हें नहीं दी गई है. उन्होंने कहा है कि विभाग को बताना होगा कि किस कारणवश मात्र दो ही अर्धनिर्मित अतिरिक्त स्वास्थ्य केन्द्र का उद्घाटन कराया जा रहा है.

