
शराब बनाने की भट्ठी सहित कच्चा माल नष्ट, एक गिरफ्तार। Voice of Darbhanga

दरभंगा : एपीएम थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना पर दिघरा गांव के समीप नदी किनारे छापेमारी कर लगभग 20 लीटर निर्मित देशी शराब बरामद के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया. थानाध्यक्ष दिलीप कुमार पाठक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से देशी शराब कारोबार होने की सूचना मिल रही थी. आज सुबह जब दिघरा गांव पहुंच वहां खोज किया गया तो कुछ जानकारी नहीं मिला, लेकिन जब पुलिस की टीम नदी किनारे पहुंची तो उन्हें नदी के बीच बने टापू को देख कुछ शक हुआ. जिसके बाद नाव के सहारे पुलिस उस टापू पर पहुंची. पुलिस को एकाएक देख शराब बना रहे लोग इधर-उधर भागने लगे. इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को खदेड़ कर गिरफ्तार कर लिया. मौके से पुलिस ने करीब 20 लीटर तैयार देशी शराब तथा शराब बनाने का उपकरण व भारी मात्रा में कच्चा माल जप्त किया. वही पुलिस द्वारा वहां शराब बनाने वाली दो भठ्ठी व सैकड़ो लीटर कच्चा माल नष्ट कर दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मनोरथा निवासी बद्री सहनी के पुत्र अरविंद सहनी के रूप में हुई है. समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में अन्य लोगों की गिरफ्तारी व प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है.

