
आकर्षक शोभा यात्रा के साथ तीन दिवसीय मिथिला विभूति पर्व की रंगारंग शुरूआत। Voice of Darbhanga

दरभंगा : तीन दिवसीय मिथिला विभूति पर्व समारोह आज आरंभ हुआ. महाकवि विद्यापति के अवसान दिवस कार्तिक शुक्ल त्रयोदशी से प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की शुरूआत नगर शोभायात्रा से की गई. विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव बैद्यनाथ चौधरी बैजू की अगुआई में गिरीन्द्र मोहन पथ स्थित विद्यापति चौक से निकले इस शोभायात्रा में लोग पारंपरिक वेश-भूषा में शामिल हुए. शोभायात्रा कई मार्गों से गुजरते हुए आचार्य सुमन, भोगेंद्र झा, महाराज लक्ष्मेश्वर सिंह, महाराज कामेश्वर सिंह, महाराज महेश ठाकुर, डॉ. अंबेदकर, ललित नारायण मिश्र आदि महापुरूषों की मूर्ति पर माल्यार्पण करते हुए यात्री जी के मूर्ति पर माल्यार्पण कर सभा में बदल गया. जिसको कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति सर्वनारायण झा, पूर्व कुलपति डॉ. विद्याधर मिश्र, उपेंद्र झा, मिथिला विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. मुस्तफा कमाल अंसारी, चिकित्सक ओमप्रकाश, पूर्व विधान पार्षद् प्रो. बिनोद कुमार चौधरी, बिनोद झा, कमलाकांत झा, जीवकांत मिश्र, विजयकांत झा, हीराकुमार झा सहित अनेक लोगों ने संबोधित किया. सायंकाल आयोजित समारोह में महाकवि विद्यापति सहित मिथिला के अनेक मनीषियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इस अवसर पर मिथिला क्षेत्र के बारह विशिष्ट व्यक्तियों को उनके विशिष्ट अवदान के लिए मिथिला विभूति सम्मान से विभूषित किया गया. समाचार प्रेषण तक कार्यक्रम जारी है.

