
बिहार को मिलेगा एक और एम्स, सुधरेगी डीएमसीएच की हालत: अश्विनी चौबे। Voice of Darbhanga

दरभंगा: केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि बिहार में एक और एम्स की स्थापना की जायेगी, ताकि यहां के लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। साथ ही प्रदेश के अस्पतालों में भी सुविधायें बढ़ायी जायेगी।
दरभंगा दौरे पर पहुँचे मंत्री श्री चौबे का भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकमीघाट पर प्रदेश उपाध्यक्ष गोपालजी ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ो कार्यकर्ताओं ने पूरे गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद डीएमसीएच के प्रिंसिपल सभागार में मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पूरे देश में भाजपा की लहर है। गुजरात व हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा की शानदार जीत होगी। कांग्रेस अस्तित्व हीन हो जाएगी।
इस मौके पर उन्होंने यह भी कहा कि बिहार को एक और एम्स मिलेगा। बिहार सरकार द्वारा जमीन मुहैया कराने के साथ ही नए एम्स के लिए काम शुरू हो जाएगा। साथ ही डीएमसीएच की हालत सुधरेगी और इसे उत्कृष्ट सुविधाओं से लैस अस्पताल बनाया जाएगा।
अश्विनी चौबे ने कहा कि 150 करोड़ की लागत से डीएमसीएच परिसर में बनने वाला सुपर स्पेशलिटी हॉस्पीटल के आठों विभाग हेतु नियुक्ति की प्रक्रिया शीघ्रतिशीध्र प्रारंभ होनेवाली है। उन्होंने कहा कि 210 बेड एवं 40 बेड के आईसीयू व 10 बेड वाले एनएसआईयू की क्षमतावाले इस अस्पताल का निर्माण कार्य 2018 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। और निर्माण कार्य के पूर्ण होने से पहले इसके सभी विभागों से संबंधित नियुक्ति के विरुद्ध साक्षात्कार की प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने दावा करते हुए कहा है कि इस सुपर स्पेशलिटी हास्पीटल के खुल जाने के बाद जो सुविधा पटना स्थित एम्स में उपलब्ध है, वैसी ही सुविधा इस अस्पताल में भी उपलब्ध होगी। जिससे दरभंगा ही नहीं, अपितु पूरे उत्तर बिहार के लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा कोबाल्ट मशीन बैठाने के लिए 45 करोड़ की राशि स्वीकृत किए जाने की बात भी कही है। साथ ही 2015-16 के बजट में बिहार के लिए एक और एम्स खोले जाने के प्रावधन के बाबत जानकारी देते हुए उन्होंने कहा है कि उक्त एम्स को जाने हेतु दो सौ एकड़ जमीन की आवश्यकता है। राज्य सरकार द्वारा संबंधित जमीन उपलब्ध कराते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसक अलावे केन्द्र सरकार द्वारा जनसंख्या के अनुपात में डाक्टरों की कमी के मद्देनजर 68 हजार अतिरिक्त मेडिकल की सीट बढाए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी है।
श्री चौबे के दौरे से ठीक पहले जदयू विधायक अमरनाथ गामी द्वारा अर्धनिर्मित एपीएचसी के उद्घाटन के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से उन्हें कम्प्लीट होने की रिपोर्ट मिली थी जिसके बाद उद्घाटन का कार्यक्रम तय हुआ।
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष गोपालजी ठाकुर, किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मुरारी मोहन झा, जिलाध्य्क्ष हरी सहनी, नगर विधायक संजय सरावगी, पूर्व विधायक अशोक यादव, मीडिया प्रभारी अमलेश झा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मशीला गुप्ता, जिला महामंत्री आदित्य नारायण मन्ना, संजीव साह, शिवजी यादव, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष निर्भय भरद्वाज, पूर्व युवा मोर्चा उपाध्यक्ष अमित झा, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष मणिकांत मिश्र, किसान मोर्चा जिलामंत्री सुमित झा, पूर्व मेयर गौड़ी पासवान, माधव चौधरी, राकेश झा, ओमप्रकाश सिंह आदि सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

