
शराब और जुए के खिलाफ पुलिस का अभियान, निजी स्कूल से भी मिला भारी मात्रा में शराब। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एसएसपी सत्यवीर सिंह के निर्देश पर शनिवार को शराब के खिलाफ चलाए विशेष अभियान में पब्लिक स्कूल सहित कई जगहों से भारी मात्रा में शराब बरामद किया गया। छापेमारी में आधा दर्जन कारोबारियों व नशेड़ियों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, कई भागने में भी सफल रहे। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा कॉलोनी स्थित जाशमीन पब्लिक स्कूल के परिसर से पुलिस ने दो कार्टन शराब बरामद किया। एसएसपी दिलनवाज अहमद, इंस्पेक्टर आरएन सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारियों ने स्कूल परिसर का चप्पा-चप्पा खंगालने का काम किया। लेकिन, मौका देख कारोबारी फरार हो गए। बताया जाता है कि इस मामले में स्कूल संचालक शंकर कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में किराना दुकानदार राकेश कुमार उर्फ पल्लू का नाम भी शामिल किया गया है। इसकी पुष्टि थानाध्यक्ष श्री सिंह ने की है। बताया जाता है कि स्कूल परिसर के गेट के सामने किराना दुकान चलता है। इसी आड़ में शराब की बिक्री की जाती थी। स्कूल की बिल्डिंग वार्ड पार्षद विनोद मण्डल का बताया जाता है जिसे स्कूल केलिए उन्होंने किराये पर दिया है। पर उसी बिल्डिंग में एक फ्लैट में उनका ऑफिस भी है। हालांकि वार्ड पार्षद पर किसी तरह के मुकदमे की पुष्टि नही हुई है। हाई प्रोफाइल मामला होने के कारण वरीय अधिकारियों की इस पर पैनी नजर है। इधर, विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के चुनाभट्टी में पुलिस ने छापेमारी कर तीन शराब कारोबारियों को 11 बोतल शराब के साथ दबोच लिया। यहां जुए के अड्डे चल रहे थे। वहीं सोनकी ओपी क्षेत्र के मेकना गांव में पुलिस ने छापेमारी कर पांच बोतल शराब बरामद कर विनोद यादव को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस ने सूचक चंद्रमोहन यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि सूचक ने बदले के भाव से आरोपित के भूंसा के घर में शराब रखकर पुलिस को सूचना दे दी। अनुसंधान में पता चला कि विनोद यादव व चंद्रमोहन यादव के भाई चंद्रकांत यादव के बीच मारपीट हुई थी। इस मामले में चंद्रकांत यादव जेल में है। इसका बदला लेने के लिए विनोद के भूंसा के घर में शराब रखकर पुलिस को सूचना दे दी। वहीं लहेरियासराय थाना क्षेत्र के बाकरगंज मोहल्ला में पुलिस ने एक बाइक सवार नशेड़ी को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय निवासी गौड़ी साह के पुत्र कन्हैया कुमार बाइक पर सवार होकर हंगामा कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। हालांकि, उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। वहीं सदर थाना क्षेत्र के गौसाघाट में पुलिस ने मो. राजू नामक एक नशेड़ी को गिरफ्तार कर लिया।

