Home मुख्य शराब कारोबारियों पर और अधिक शिकंजा कसेगी पुलिस। Voice of Darbhanga
मुख्य - November 5, 2017

शराब कारोबारियों पर और अधिक शिकंजा कसेगी पुलिस। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एएसपी दिलनवाज अहमद ने रविवार को लहेरियासराय थाना पर अपराध गोष्ठी कर सभी पुलिस पदाधिकारियों को शराबबंदी को लेकर और भी सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शराबबंदी के मामले में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी थानाध्यक्षों से उन्होंने कहा कि शराब के खिलाफ लगातार की गई छापेमारी में काफी सफलता मिली है। लेकिन, अभियान को और तेज करने की जरूरत है। उन्होंने चौकीदारों के माध्यम से सूचना एकत्रित कराकर छापेमारी करने को कहा। साथ ही सभी थानाध्यक्षों को खुफिया तंत्र मजबूत करने को कहा। उन्होंने विशेष अभियान चलाकर शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। शराब धंधेबाज को जमानत मिलने के बाद उसपर विशेष नजर रखने की बात कही गई। कहा गया कि जेल से छुटने के बाद ये लोग पुन: धंधा में लिप्त हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में उसकी जमानत रद करने की प्रक्रिया को भी अपनाया जाए।लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी। जिन क्षेत्रों में चोरी की घटनाएं घट रही है वहां विशेष गस्ती चलाने का आदेश दिया। उन्होंने एटीएम पर विशेष नजर रखने को कहा। एक साथ दो या अधिक ग्राहक एटीएम के अंदर न जाए इस पर नजर रखने को कहा। ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए उन्होंने विशेष निर्देश दिया। नो इंट्री व नो पार्किंग का अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने लंबित मामला का निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। फरार वारंटियों को गिरफ्तार करने व कुर्की जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने के साथ ही उन्होंने सभी थानेदारों को असमाजिक तत्वों पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नशा की लत में कुछ युवक गलत सामान का सेवन कर रहे हैं। ऐसी शिकायत मिल रही है। उन पर भी ध्यान रखा जाए। मौके पर नगर थानाध्यक्ष सीताराम प्रसाद, विश्वविद्यालय के अजित कुमार, बहादुरपुर के आरएन सिंह, सदर के रविशंकर प्रसाद, कमतौल के कुदंन कुमार, लहेरियासराय प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील कुमार सहित सदर अनुमंडल क्षेत्र के सभी इंस्पेक्टर व थानाध्यक्ष उपस्थित थे।

Share

Leave a Reply