
तो क्या अवैध संबंध के शक में पिता और भाई ने मिलकर की युवती की हत्या! Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिले के सदर थाना क्षेत्र के गौसाघाट ब्रह्मस्थान मोहल्ला में घटित ऑनर किलिंग के मामले में सोमवार को पुलिस के सामने एक और नया खुलासा हुआ है। पिता के साथ भाई ने भी बड़ी बेरहमी से उस बहन की निर्मम हत्या की थी। बहन की हत्या में भाई का नाम आने से लोग भी स्तब्ध हैं। घटना को लेकर हर कोई अपनी अपनी बात कह रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक पिता और भाई को युवती का किसी रिश्तेदार के साथ अवैध संबंध होने का शक था। वैसे मृत युवती की लाश को भी पुलिस ने हत्यारे पिता की निशानदेही पर न केवल बरामद कर लिया। बल्कि, निर्दयी भाई को भी पुलिस दबोचने में सफल रही । जीवछ घाट झाड़ी से बरामद बोरा को जब खोला गया तो दुर्गंध से लोग भाग खड़े हए। छह दिन से बोरा में बंद रहने से पूरा शरीर गल चुका था। हत्या मामले में पिता व पुत्र ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। लेकिन, जिस कारण से 20 वर्षीया पुत्री रीता कुमारी की गला दबाकर हत्या की गई उस दिशा में पुलिस को अभी तक कोई प्रामाणिक ठोस सफलता नही मिली है। पूछताछ के क्रम हत्यारा पिता राजकुमार साह व भाई अमरनाथ यादव ने भी उस युवक के विषय में कोई जानकारी नहीं दी जो रीता के साथ आपत्तिजनक स्थिति में था। बताया कि वह तेजी से अंदर का गेट खोलकर चाहरदिवारी फांद कर भाग गया। चेहरा सामने नहीं आने के कारण उसे नहीं पहचान पाए। ऐसे गांव के लोगों का कहना कि रीता का संबंध उसके एक रिश्तेदार से ही था। उस परिवार से इन लोगों का पूर्व से विवाद भी चल रहा है। यही कारण है कि उस युवक का नाम ये लोग बताने से डरता है। बहरहाल, पुलिस ने पिता व पुत्र को न्यायिक हिरासत में जेल दिया। मालूम हो कि राज कुमार साह व उसका पुत्र 30 अक्टूबर को अपनी 20 वर्षीया पुत्री रीता कुमारी की गला दबाकर हत्या कर लाश को ठिकाना लगा दिया। पांच दिनों से रीता के गायब होने पर मृतका के नाना जुगेश्वर साह ने इसकी शिकायत पुलिस से की। जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो राजकुमार ने अपना अपराध कबूल किया। उसके निशानदेही पर रविवार को देर शाम तक जीवछ घाट पुल स्थित झांड़ी को पुलिस खंगालती रही। लेकिन, शव बरामद नहीं हो पाया। इसके बाद पुलिस सुबह में फिर से शव को खोजना शुरू किया तो एक बंद बोरा से शव बरामद किया गया।

