
लघु खनिज नियमावली 2017 के विरोध में ट्रक मालिकों ने किया एनएच जाम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: लघु खनिज नियमावली 2017 के विरोध में ट्रक मालिकों ने शुक्रवार को एनएच 57 फोरलेन को बिठौली चौक के समीप जाम कर दिया। इससे इस पथ पर ट्रकों की लंबी कतार लग गई और जाम में हजारों छोटी-बड़ी गाड़ियां फंस गईं। हालांकि ट्रक आनर्स का कहना है कि आम लोगों को कोई दिक्कत नहीं हो इसलिए यात्री बस व अन्य आवश्यक सेवा संबंधी वाहनों के परिचालन को बाधित नहीं किया गया। बावजूद इसके सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे और यात्री परेशान रहे। दोपहर बाद पुलिस की पहल पर जाम हटाया जा सका। जाम के दौरानमुजफ्फरपुर व दरभंगा की ओर से आने वाले तमाम ट्रकों को आंदोलन के समर्थन में रोक कर सड़क के किनारे लगा दिया गया था। इस दौरान ट्रक मालिकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलनकारी ट्रक मालिकों ने ट्रांसपोटरों के पक्ष में भी आवाज उठायी। ट्रकों का परिचलान ठप रहने से फोरलेन के दोनों ओर ट्रकों की लंबी लाइन लग गई। ट्रक ऑनर जयप्रकाश ठाकुर, अनिल ¨सह, महमूद खान, जफीर अंसारी, नूर आलम, मुरारी झा, भरत झा, गुड्डू झा, शेषनाथ ठाकुर, साजीद मुजफ्फर बब्लू ने सरकार के नीति के खिलाफ आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार की नई खनन नीति से आम लोग प्रभावित हो रहे हैं। ट्रक में जीपीएस व ई-लॉक लगाने का निर्देश देकर विभाग गाड़ी मालिकों को परेशान कर रही है। यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हो इसके लिए सिमरी थानाध्यक्ष राजन कुमार ने आंदोलनकारी ट्रक मालिकों से वार्ता की। काफी मशक्कत के बाद सभी जाम हटाने को तैयार हुए। इसके बाद जाकर यातायात व्यवस्था सामान्य हो पाई ।

