
लोक शिकायत मामले में जवाबदेह होंगे एसडीओ और एसडीपीओ। Voice of Darbhanga

दरभंगा : लोक शिकायत निवारण को लेकर दायर परिवाद पत्रों के निष्पादन में सुधार नहीं होने के बाद जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने अब इसकी जवाबदेही अनुमंडल और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को दी है. आज समाहरणालय सभा कक्ष में जिलास्तरीय पदाधिकरियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक को जिलाधिकारी संबोधित कर रहे थे. बैठक में अंचलाधिकारी से जुड़े संबंधित मामलों में एक-एक वादों की समीक्षा की गई और अगली बैठक से पहले मामले के निवटारा का आदेश दिया. जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि अंचल और थाना स्तर पर लंबित मामलों के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी और संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को जवाबदेह माना जाएग. उन्होंने कहा कि अगली बैठक से अनुमंडल बार समीक्षा की जाएगी. वहीं आपूर्ति एवं प्रखंड से जुडेÞ मामलों का निष्पादन अनुमंडल पदाधिकारी करवाएंगे. वहीं लोक शिकायत निवारण पदाधिकारियों की प्राधिकार में अनुपस्थिति को लेकर उनके विरूद्ध संम्मन जारी करने का आदेश दिया. वहीं लम्बे समय से लंबित रखने वाले अधिकारियों के वेतन भुगतान पर रोक लगाने का आदेश दिया. वहीं फसल क्षतिपूर्ति के एवज में प्राप्त आवेदन पत्रों पर अंचलाधिकारी तीन दिनों के अंदर त्वरित कारवाई कर आवेदन की जांच पूरा कर लें. इतना ही नहीं आवश्यकता अनुसार कैम्प लगाने का आदेश भी उन्होंने दिया. बैठक में उपविकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो, लेखा निदेशक नरेश झा, भुअर्जन पदाधिकारी सुमन कुमार, ओएसडी रविन्द्र कुमार दिवाकर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी शत्रुघ्न कामती, सदर एसडीओ, डॉ. गजेन्द्र प्रसाद सिंह, बेनीपुर एसडीओ अमित कुमार, बिरौल एसडीओ मो. सफीक, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं अभियंता मौजूद थे.

