
चोरी की बैट्री का खरीदार गिरफ्तार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: केवटी प्रखंड के ननौरा गांव समेत विभिन्न जगहों से बैट्री चोरी के सिलसिले में गिरफ्तार मारूति वैन के चालक की निशानदेही पर केवटी पुलिस ने बाजार समिति शिवधारा दरभंगा स्थित मो. शहाबुद्दीन की कबाड़ दुकान में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया । थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि शहाबुद्दीन दरभंगा नगर थाना क्षेत्र के वाजितपुर गांव का रहने वाला है । वह चोरी की बैट्री की खरीदारी करता था। हालांकि उसके दुकान से चोरी की बैट्री बरामद नही हो सकी। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया कि चोरी की बैट्री खरीदकर मधुबनी जिले के अरेड़ थानान्तर्गत बेलौजा गांव निवासी अशोक दास के हाथ बेंचा करता था । पुलिस ने शहाबुद्दीन की निशान देही पर बेलौजा गांव पहुंच कर अशोक के घर छापेमारी की।लेकिन उसे गिरफ्तार करने में पुलिस सफल नहीं हो सकी। घटना की जानकारी मिलते ही वह घर से भाग चुका था । पुलिस ने अशोक की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। इस संबंध में ननौरा गांव निवासी मनोज कुमार महतो के आवेदन पर केवटी थाने में कांड संख्या 188/ 17 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है । इसमें मारूति वैन संख्या डब्ल्यू बी 74 एएफ – 9569 के चालक मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थानान्तर्गत भटगांवा गांव निवासी मनोज चौपाल का पुत्र पप्पू कुमार समेत अन्य दो तीन को आरोपी बनाया गया है। वहीं दूसरी ओर सोलर व जेसीवी की बैट्री की चोरी कर भाग रहे मारूति वैन के हाजीपुर – छतवन मुख्य मार्ग के गठुल्ली गांव स्थित कदम पोखर में दुर्घटनाग्रस्त होने को लेकर वहां के चौकीदार फूल हसन के बयान पर थाने में कांड संख्या 189 / 17 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है । इसमें चालक पप्पू कुमार को आरोपी बनाया गया है । प्राथमिकी में चौकीदार ने पप्पू पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने पूछताछ के बाद पप्पू व शहाबुद्दीन दोनों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मालूम हो कि रविवार की देर रात बैट्री की चोरी कर भागने के क्रम में गठुल्ली गांव स्थित एक पेड़ से टकरा कर कदम पोखर पलट गई थी। घटना में पुलिस ने चालक को जहां गिरफ्तार कर लिया । वहीं आफताब आलम मौके व अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। जबकि अखिलेश कुमार की मौत डूबने से हो गई थी ।

