
शराबबंदी में जब्त वाहनों की हुई नीलामी, तेरह में से मात्र चार वाहनों के मिले खरीदार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: गुरूवार को उत्पाद अधीक्षक के मालखाना परिसर में शराबबंदी में जब्त वाहनों की नीलामी की गई। ये वाहन शराबबंदी कानून के तहत होने वाली धर-पकड़ में जब्त की गई थी। अपर समाहर्त्ता मोबीन अली अंसारी के नेतृत्व में नीलामी प्रक्रिया हुई। श्री अंसारी ने बताया कि नीलामी के लिए 13 वाहन डिस्प्ले किए गए। 9 लोगों ने इसमें हिस्सा लिया। तीन व्यक्तियों ने चार वाहनों में रूचि दिखाई और उसके लिए निर्धारित मूल्य की आधी राशि जमा कर दी।
कंसी के रहने वाले शिवचंद्र चौरसिया ने टीवीएस अपाची के लिए 59000 रूपये की उच्चतम बोली लगाई। लहेरियासराय के विक्रम कुमार को बजाज डिस्कवर और हीरो पैशन भा गया और उन्होंने इन वाहनों के लिए 45 हजार और 41 हजार की बोली लगा दी। उधर बहादुरपुर प्रखंड के डरहार गांव के गणपति चौधरी हुंडई की सेंट्रो कार केलिए महज 32 हजार रूपये की बोली लगानी पड़ी।
नीलामी के लिए आए अधिकांश लोगों को बाइक श्रेणी के वाहनों का न्यूनतम निर्धारित दर ज्यादा लगा. इसको लेकर उनमें मायुसी देखी गई. इसका असर देखा जा सकता है. नीलामी के 13 वाहनों में से 1 कार जबकि 12 बाइक थीं. बोली लगाने आए 9 लोगों में से 6 लौट गए हैं. आपको बता दें कि ये दर एमवीआइ तय करते हैं। नीलामी के दौरान एमवीएइ, जिला लेखा पदाधिकारी और उत्पाद अधीक्षक मौजूद थे।

