
शटर तोड़कर लाखो की चोरी, सीसीटीवी कैमरा के साथ हार्डडिस्क भी ले उड़े चोर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: केवटी थाना क्षेत्र के खिरमा-पथरा बाजार के हाजी गफ्फार मार्केट स्थित मदीना ज्वेलर्स दुकान का शनिवार की देर रात चोरों ने शटर तोड़कर नकद डेढ़ लाख समेत करीब बीस लाख के सोने – चांदी के जेवरात व सीसीटीवी के दो कैमरा तथा कैमरा का हार्ड डिस्क की चोरी कर ली। चोरी होने की सूचना दुकानदार को रविवार की सुबह मिली। दुकानदार दरभंगा के कैदराबाद निवासी अविनाश ने बताया कि प्रतिदिन दुकान बंद कर रात में दरभंगा शहर के कैदराबाद स्थित घर पर चले जाते हैं । शनिवार की देर रात चोरों ने मार्केट के दक्षिण दिशा के ग्रिल के बने गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया । चोरों ने सबसे पहले अंदर में लगे सीसीटीवी के दो कैमरा को उखाड़ दिया और कैमरा समेत हार्ड डिस्क भी अपने साथ ले गए । दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश कर छह रैक बॉक्स, पांच आलमीरे तथा गोदरेज के लॉक को तोड़कर बिक्री से प्राप्त नकद डेढ़ लाख रुपये समेत करीब बीस लाख के विभिन्न प्रकार के सोने और चांदी के जेवरात चुरा लिए। रविवार की सुबह जब बगल के एक दुकानदार ने मुख्य सड़क से पूरब की दिशा के मार्केट का मुख्य द्वार का ग्रिल खोलकर प्रवेश किया तो दक्षिण दिशा का ग्रिल खुला व उसका ताला और दुकान का शटर टूटा देख भौंचक रह गया । उसने इसकी जानकारी दुकानदार और आसपास के लोगों को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कौशल कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। खोजी दस्ता मंगवाकर चोरी का सुराग लगाने का प्रयास शुरू किया गया। लेकिन तत्काल कोई सफलता हाथ नही लगी । खोजी दस्ता इधर – उधर घूमकर खपरपुरा गांव के समीप से वापस लौट गया । थानाध्यक्ष ने बताया कि दुकानदार अविनाश कुमार के आवेदन पर अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कारवाई की जा रही है।

