
अनुपस्थित लोक प्राधिकारों के वेतन पर जिलाधिकारी ने लगाई रोक। Voice of Darbhanga

दरभंगा : लोक शिकायत निवारण कार्यालय में शिकायती पत्रों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. स्थिति की गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कार्यालय में अनुपस्थित चल रहे लोक पदाधिकारियों की वेतन स्थगित करते हुए उनके विरूद्ध कारणपृच्छा जारी करने का आदेश दिया है. इससे पहले भी जिलाधिकारी कई बार चेतावनी दे चुके थे. जिलाधिकारी आज जिलास्तरीय साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. समीक्षा में उन्होंने पाया कि सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अंतर्गत विभिन्न पेंशन योजना से संबंधित मामलों में बढ़ोतरी ही हो रही है. जिसे देखते हुए उन्होंने सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अधिकारियों को त्वरित कारवाई करने का आदेश दिया. इसी तरह जिलाधिकारी ने पाया कि आम लोगों का बैंक खाता खोलने में आना-कानी बैंक कर रही है. जिसे देखते हुए उन्होंने बैंकिंग लोकपाल को पत्र लिखकर स्थिति की जानकारी देने का आदेश दिया. समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि लोक शिकायत मामले में 60 दिनों का तय समय मामलों के निष्पादित करने के लिए पर्याप्त है. बावजूद मामलों को निष्पादित न होना, घोर लापरवाही को दिखाता है. वहीं एलपीसी और म्युटेशन की समीक्षा कार्य से भी जिलाधिकारी संतुष्ट नहीं दिखे और उन्होंने सख्त चेतावनी जारी करते हुए एक सप्ताह के अंदर किये गये कार्यों को आॅन लाइन करने का निर्देश दिया. इसी तरह सभी मामलों की समीक्षा की और दिशा निदेश दिया. बैठक में उपविकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो, नगर आयुक्त नागेन्द्र कुमार सिंह, अपर समाहर्ता मो. मोबीन अली अंसारी, लेखा निदेशक नरेश झा, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार सहित संबंधित अधिकारी, अभियंता मौजूद थे.

