
दूसरों की रखवाली केलिए सीसीटीवी लगाने वाले के खुद के घर में लाखों की चोरी! Voice of Darbhanga

दरभंगा: कहा जाता कि चिराग तले अँधेरा होता है। इसी को चरितार्थ करते हुए शहर में एक चोरी की घटना सामने आयी है। पेशे से सीसीटीवी लगाने का कार्य करने वाले एक व्यक्ति जो सरकारी विभागों में भी सीसीटीवी लगाने का काम कर चुके हैं, उनके घर चोर ने छत के रास्ते उतर कर चोरी कर ली। नगर थानाक्षेत्र के मिश्रटोला मोहल्ले में एक मकान से करीब चार लाख के नगद एवं गहनों के चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित प्रकाश झा उर्फ़ राम लखन ने नगर थाना को इस संदर्भ में आवेदन देते हुए बताया है कि गत 27 नवम्बर की शाम को वे सपरिवार अपने चाचा के श्राद्ध कर्म में भाग लेने मनीगाछी के माऊबिहट गये थे। 28 नवम्बर की शाम करीब सात बजे उनके पडोसी वशिष्ट झा ने फोन पर सूचना दी कि उनके छत का दरवाजा खुला है जबकि मेन गेट में ताला लगा है। इस सूचना पर प्रकाश झा दौरे दौरे अपने मकान पहुंचे। उन्होंने देखा कि छत के सीढ़ी का दरवाजा टूटा हुआ है। जब घर की तलाशी ली तो पता चला कि एक लाख पैंसठ हजार नगद तथा दो लाख बारह हजार के गहने गायब थे। उन्होंने तुरन्त पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पहुँचकर देर रात तक जाँच पड़ताल की।
सूत्रों से मिली जानकार के अनुसार श्री झा ने अपने घर के बाहरी परिसर में एक सीसीटीवी कैमरा लगा रखे थे परंतु चोर छत के रास्ते आया और घर में कहीं कैमरा नही लगा था।

