
डॉक्टर के घर दिनदहाड़े चोरी, पकड़ाया संदिग्ध निकला बाइक लुटेरे गिरोह का सदस्य। Voice of Darbhanga
दरभंगा: जिले में चोरी की घटनाएँ थमने का नाम नही ले रही है। बुधवार को दिन दहाड़े बेंता ओपी क्षेत्र के डॉक्टर्स कॉलोनी में चोरी की घटना सामने आयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार डीएमसीएच सर्जरी विभाग के हेड डा0 विजय शंकर प्रसाद के घर दिन में ही चोरी हो गयी। चोरी के दौरान नगद एवं ज्वेलरी सहित लाखो की चोरी होने की सूचना सूत्रों से मिली। चोरी हुई सामानों एवं नगद के सही आंकलन की अधिकारिक पुष्टि नही हो सकी है। हलाँकि सूचना मिलते ही प्रभारी एसएसपी दिलनवाज अहमद के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित छानबीन शुरू कर दी। वहां देखे गये एक युवक को पुलिस ने शक के आधार शहर के मिश्रटोला स्थित नागमन्दिर के समीप देर शाम हिरासत में लिया। इस मामले में जानकारी देते हुए प्रभारी एसएसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक नगर थाना के मिश्रटोला निवासी पंचू सहनी का पुत्र सूरज सहनी एक महिला डॉक्टर से मोबाइल आदि लूट मामले में सदर थाना काण्ड संख्या 488/15 में फरार था। इसके दो साथी पकड़े गए थे पर यह फरार हो गया था। बाइक लूट मामले में सदर थाना काण्ड संख्या 349/16 में अन्य साथियों के साथ जेल जा चुका है। पूर्व में भी 2012 में नेपाल में जेल गया था जहाँ से तीन साल बाद 2015 में छूट कर आया था। अन्य मामलो में संलिप्तता की जाँच की जा रही है।
हलाँकि पूछताछ और जाँच के दौरान फिलहाल डॉक्टर के घर चोरी में इसके संलिप्तता की पुष्टि नही हो सकी है।

