
धरमपुर धोबिया पोखर को तेजी से भरने का काम जारी, पार्षद ने बताया निजी रैयती। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शहर के वार्ड 16 के धरमपुर धोबिया पोखर को भरकर बेचने का काम लगातार जारी होने का मामला सामने आया है। स्थानीय सूत्रों की माने तो इसे पहले भी भरकर बेचा जा चुका है। बचे हुए भाग को फिर तेजी से भरकर बेचा जा रहा है। कुछ भाग वार्ड 17 में भी आने की बात पता चला पर वार्ड 17 के पार्षद अमोला महतो ने इससे साफ इंकार कर दिया। वार्ड 16 के पार्षद सोहन यादव ने बताया कि निजी रैयती जमीन है और पूरा पेपर है। इस संदर्भ में शहर के मेयर से संपर्क करने पर मेयर पति सह राजद नेता ओम प्रकाश खेड़ीया ने बताया कि स्थानीय लोगों को अंचलाधिकारी से संपर्क कर आवेदन देना चाहिए। यह अंचलाधिकारी का कार्यक्षेत्र है। जब सदर अंचलाधिकारी राकेश कुमार से बात की गयी तो कर्मचारी भेज कर दिखवा लेने की बात कही गयी। पर स्थानीय लोगों ने बताया कि सूचना देने अंचलाधिकारी शिकायत आवेदन देने की मांग कर रहे हैं। ऐसे में दबंगों में सामने कौन हिम्मत करेगा खुल कर सामने आने की। स्थानीय सूत्र बताते हैं कि असल में मामले के पेंचीदा होने का कारण कई पक्षों का इस पोखर पर दावा करना भी है, क्योंकि अगर अगर निजी है तो दावा कई पक्षो का क्यों। इसकी सच्चाई उच्चस्तरीय जांच से ही सामने आयेगी।
इस पूरे मामले की जानकारी देने पर जिलाधिकारी डा0 चंद्रशेखर सिंह ने संज्ञान लेते हुए जाँच करवाने की बात कही है।

