
यूनानी मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने बुनियादों सुविधाओं की माँग को लेकर किया हँगामा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: लहेरियासराय के करमगंज मोहल्ला स्थित सल्फिया यूनानी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के छात्रों ने गुरुवार को जमकर हंगामा किया। कॉलेज के छात्र बुनियादी सुविधा का मांग कर रहे थे। कॉलेज में लाइब्रेरी, शौचालय, पेयजल व पढ़ाई की सुविधा नहीं रहने से खासे नाराज थे। छात्रों ने कॉलेज मैनेजमेंट के खिलाफ जमकर नारोबाजी की। हालांकि, इस दौरान आक्रोशित छात्रों को कई शिक्षकों ने समझाने की कोशिश की। लेकिन, कोई मानने को तैयार नहीं हुआ। नाराज छात्रों का कहना था कि जिस अनुपात में छात्रों से राशि ली जाती है उस अनुपात में यहां कोई सुविधा नहीं है। क्लास छूट जाने पर मनमाने ढंग से राशि की वसूली की जाती है। छात्रों ने तीन घंटे तक पठन-पाठन को ठप रखा। प्राचार्य सुलेमान अहमद ने सारी सुविधाएं बहाल करने का आश्वासन दिया। बावजूद, छात्र निदेशक के इंतजार में डटे रहे। लेकिन, देर शाम तक वह नहीं आए। छात्रों ने बताया कि कहने को तो यह कॉलेज है। लेकिन, यहां नामंकित छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया जाता है। छात्रों ने बैठक कर मांगों के समर्थन में पुन: आंदोलन करने की चेतावनी दी। कहा कि जबतक बुनियादी सुविधाएं बहाल नहीं होंगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

