
सभी कॉलेजों का नैक मूल्यांकन सुनिश्चित करवाएं: कुलपति। Voice of Darbhanga

दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विवि के कुलपति प्रो. सुरेंद्र कुमार सिंह ने गुरुवार को कहा कि सभी कॉलेजों के लिए नैक मूल्यांकन जरूरी है। जो कॉलेज अब तक यह कार्य नहीं करवाया है, इसे प्राथमिकता कराएं। कॉलेजों के प्रत्येक भवन में छात्राओं के लिए अलग से शौचालय का निर्माण कराएं। सभी कॉलेज बायोमेट्रिक हाजिरी सुनिश्चित कराएं। वे गुरुवार को अंगीभूत कॉलेजों के प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर रहे थे। वीसी ने सभी प्रधानाचार्यों को वित्तीय वर्ष 2009-10 से 15-16 तक प्राप्त राशि के उपयोगिता प्रमाणपत्र निर्धारित फॉर्म में ससमय देने को कहा ।कुछ प्रधानाचार्य उपयोगिता प्रमाण पत्र लाए भी थे। कुछ पहले भेज चुके थे। जो नहीं दिए उनको शीघ्र जमा करने को कहा गया। वीसी ने कहा कि बायोमेट्रिक हाजिरी के साथ- साथ ही जो हाजिरी व्यवस्था अभी चल रही है ,वह भी चलती रहेगी। उन्होंने छात्र संघ के चुनाव का भी संकेत दिया। उन्होंने कहा कि सूबे के अन्य विश्वविद्यालयों की अपेक्षा मिथिला विश्वविद्यालय के सबसे अधिक महाविद्यालयों में नैक हो चुका है। शत प्रतिशत महाविद्यालयों में नैक मूल्यांकन करवाना जरूरी है। छात्र कल्याण के अध्यक्ष प्रो. भोला चौरसिया ने झंडा दिवस की राशि अविलंब जमा करने को कहा। बैठक में कुलसचिव मुस्तफा कमाल अंसारी, सीसीडीसी डॉ मुनेश्वर यादव,कुलपति के निजी सचिव केके श्रीवास्तव, प्रणव कुमार आदि उपस्थित थे।

