
परीक्षा पूर्व विद्यार्थियों के तैयारियों केलिए टेस्ट सीरीज का आयोजन। Voice of Darbhanga

दरभंगा: परीक्षा के पहले विद्यार्थियों को उनके तैयारी को लेकर सजग करना, उन्हें पूर्ण रूप में तैयार करना, उन्हें परीक्षा पद्धति से जागरूक करना, परीक्षा का भय उनके मन से निकालना ये केवल एक शिक्षक या किसी शैक्षणिक संस्था का दायित्व नहीं अपितु ये समाज का भी दायित्व है।
काजी अब्दुल अज़ीज़ फॉण्डेशन पिछले कई सालों से इस दिशा में कार्यरत है। पिछले साल के भांति इस बार भी अपने दायित्व को समझते हुए इस संस्था ने टेस्ट सीरीज का आयोजन किया है। टेस्ट परीक्षा रविवार से प्रारम्भ हुई और लगभग 800 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में भाग लिया। संस्था के सदस्य नौशाद अहमद ने बताया कि इस टेस्ट सीरीज में कुल 7 टेस्ट लिए जायेंगे जिसमें सीबीएसई और बिहार बोर्ड के नई पैटर्न पर परीक्षा ली जाएगी
यह परीक्षा शहर के दो केन्द्रों मिल्लत कॉलेज इम्पल्स कोटा में आयोजित हुई जहाँ विद्यार्थियों में टेस्ट सीरीज को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला।
इस मौके पर परीक्षा का जायजा लेने मुख्य अतिथि के तौर पर मिल्लत कॉलेज के प्रिंसिपल डा0 मो0 रहमतुल्लाह तथा इम्पल्स कोटा के डायरेक्टर राजेश झा मौजूद थे। पत्रकारों से बात करते हुए डा0 मो0 रहमतुल्लाह ने कहा की निश्चित ही इस का लाभ छात्रों को मिलेगा। लगातार हो रही खराब रिजल्ट को देखते हुए ये कदम सराहनीय है। इम्पल्स कोटा के डायरेक्टर श्री झा ने बताया की ये निश्चित ही सराहनीय प्रयास है। इस का केवल और केवल लाभ छात्रों को होगा। छात्र जितने ऐसे टेस्ट देंगे उनका आत्मविश्वास उतना ही बढ़ेगा। विशेष अतिथि के रूप में डा0 मंसुर खुस्तर ने कहा की इतने छात्र परीक्षा देने के लिए आए इसके लिए सब से पहले आयोजन समिति के सभी सदस्य अल्तमश अल्वी, नौशाद अहमद एवं राजा खान को मुकारकबाद। उन्होंने कहा कि इनलोगों से यही एक विनती है कि गुणवत्ता को बनाए रखे और आनेवाले भविष्य में ज्यादा से ज्यादा छात्रों को इसका लाभ हो।
अंत में टेस्ट सीरीज के संयोजक राजा खान ने बताया कि हमारा प्रयास गिरते हुए रिजल्ट के प्रतिशत को उपर उठाने की है। जिसमें छात्र हित में सोचने वाले दरभंगा के सभी शिक्षण संस्थानों का हमें भरपुर सहयोग मिला। जिसके लिए हम उनके सदा आभारी रहेंगे और शिक्षण संस्थानों के साथ दरभंगा के शिक्षा के हित में भविष्य में भी कदम से कदम मिलाकर काम करेंगे।

