
कामगार महिलाओं के जिला सम्मलेन में एक होकर अधिकारों केलिए लड़ने का निर्णय। Voice of Darbhanga

दरभंगा : लहेरियासराय स्थित पोलो मैदान में दरभंगा जिला कामगार महिला सम्मेलन का आयोजन रविवार को किया गया. जिसमें सफाई कर्मी, आशा, ममता व आंगनबाड़ी से जुड़ी सेविका सहायिका सहित अन्य विभागों में कार्यरत महिला कर्मी ने भाग लिया. आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए जनवादी महिला समिति की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामपरी देवी ने कहा कि सरकार से दिए जा रहे मजदूरी में भी ठेकेदारों द्वारा कटौती कर लिया जाता है. जबकि हम आठ घण्टे के अलावे भी कठिन कार्य करते है. सरकार उसी कार्यालय में काम करने वाले को 20 से 70 हजार तक मासिक देती है, लेकिन हमें चंद हजार मासिक देकर हमारा आर्थिक शोषण किया जा रहा है. आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ के जिला सचिव शाहीन प्रवीण ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महिला सशक्तिकरण की बात तो करते है, लेकिन महिलाओं की आर्थिक दशा को सुधारने के लिए कोई कदम नहीं उठाते है. न्यायालय द्वारा भी आंगनबाड़ी सेविका- सहायिका के हित मे फैसला दिया गया, लेकिन बिहार सरकार उसे नहीं मान रही है. जिसके विरोध में आने वाले समय मे बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया जायेगा. सम्मेलन की अध्यक्षता रंजना भारती, शिवकला देवी, शांति देवी व रानी देवी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. सम्मेलन को बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के नेता फूल कुमार झा, सीटू नेता नरेन्द्र मंडल, गोपाल ठाकुर, दिलीप भगत, अविनाश ठाकुर, मीरा देवी, गीता देवी, आरती देवी, कामनी देवी आदि ने भी संबोधित किया.

