
चायपत्ती के ढेर में छिपी 1827 लीटर शराब, ट्रक व 2 तस्कर गिरफ्तार।
दरभंगा: सिमरी थाना क्षेत्र के लालजी ढाबा के पास पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एक कंटेनर ट्रक से 203 कार्टून में भरी 1827 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। चालक व खलासी समेत दो तस्कर गिरफ्तार हुए। ट्रक भी सीज कर लिया गया।

सिमरी थाने के एसआई शशिशंकर कुमार अपनी टीम के साथ शराबबंदी अभियान में थे। मध निषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो, पटना से सूचना मिली कि दरभंगा की ओर आ रहे ट्रक में शराब छिपी है। ढाबे पर खड़े ट्रक की तलाशी ली गई। चायपत्ती के कार्टून के नीचे बने खुफिया बॉक्स से शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान त्रिभुवन राय (42), मोहनपुर, मिनापुर, मुजफ्फरपुर व निरंजन प्रसाद सिंह, बरैठा, कटरा, मुजफ्फरपुर के रूप में हुई। दोनों का शराब तस्करी का पुराना इतिहास है।सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि कांड संख्या 12/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। सदर एसडीपीओ-2 शुभेंदु कुमार सुमन ने कहा कि मध निषेध विभाग की सूचना पर यह सफल छापेमारी हुई।


