
बेरोजगारी की समस्या को लेकर भारत की जनवादी नौजवान सभा का धरना। Voice of Darbhanga
दरभंगा : पोलो मैदान स्थित धरना स्थल से जनवादी नौजवान सभा के जिला कमिटी द्वारा रैली निकाली गई. जो कमिश्नरी, समाहरणालय व टॉवर चौक होते हुए पुन: धरना स्थल पहुंच सभा में तब्दील हो गया. धरना स्थल पर हुई सभा को संबोधित करते हुए संगठन के जिला संयोजक गोपाल ठाकुर ने कहा कि बिहार में विभिन्न कार्यालयों में साढ़े तीन लाख पद व ढ़ाई लाख शिक्षकों के पद रिक्त है. जिस पर राज्य सरकार बहाली व बेरोजगार युवकों को रोजगार के लिए बिना सूद बैंकों से ऋण की व्यवस्था करें. साथ ही बेरोजगार युवाओं को रोजगार और तीन हजार मासिक भत्ता सरकार दे. जनौस राज्य कमिटी सदस्य सत्य नारायण राय ने कहा कि श्रम कानून के तहत आउट सोर्सिंग पर बहाल संविदा कर्मी का मासिक भुगतान 18 हजार होना चाहिए. कामरान खां की अध्यक्षता में हुई सभा को एस. एफ. आई. के जिला संयोजक मुकुल राज, सोनू कुमार झा, रंजीत राम, संदीप कुमार राय, अनिल बैठा, मजहर हुसैन आदि ने भी संबोधित किया.

