
दारु केलिए छापेमारी में गयी पुलिस द्वारा महिला की पिटाई पर भड़के लोगों ने किया सड़क जाम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शराब की सूचना के नाम पर पुलिस की अंधाधुंध एवं बेरोकटोक छापेमारी करना शुक्रवार की रात महँगा पड़ गया। बेंता के एक होटल में की गई छापेमारी के विरोध में लोगों ने शुक्रवार की रात में बेंता चौक जाम कर जमकर बवाल मचाया। आक्रोशित लोगों ने बेंता ओपी पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लहेरियासराय-दरभंगा वीआईपी सड़क को बांस-बल्ला से जाम कर दिया। नाराज लोग दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सड़क जाम रहने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। नाराज लोगों का कहना था कि छापेमारी के नाम पर पुलिस ने निर्दोष लोगों को पीटने का काम किया है। पुरुष पुलिसकर्मी द्वारा सब्जी का ठेला लगाने वाली वृद्ध महिला के साथ भी मारपीट करने की बात कही। दुकानदार महेश साह ने बताया कि पुलिस हमारे होटल के बगल स्थित एक दुकान में छापेमारी की। लेकिन, वहां न तो शराब मिली और न ही नशेड़ी। लेकिन, वापस जाने दौरान पुलिस ने हमारा ठेला जब्त कर लिया। पुलिस ने दारु के बारे में पूछा तो महिला ने किसी तरह की जानकारी होने से इंकार कर दिया। उसने कहा कि बगल की दुकान में क्या होता है, उससे उन्हें क्या मतलब। इतना सुनते ही पुलिस वाले को यह पुलिसिया रौब का अपमान लगा और सही जानकारी नही देने के नाम पर पुलिस ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद कई पुलिस वालों ने मिलकर महेश की वृद्ध मां दुर्गा देवी को भी मारपीट कर अधमरा कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लहेरियासराय थानाध्यक्ष आरके शर्मा ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशितों से वार्ता की। हालांकि, उन्हें काफी विरोध का सामना करना पड़ा। बावजूद, वे पीड़ित दुकानदार को समझाने में कामयाब हो गए। इसके बाद सभी आक्रोशित लोग मान गए। सड़क से बांस-बल्ला को हटा दिया गया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, एक घंटा सड़क जाम रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

