
जिला योजना पदाधिकारी से कार्य में लापरवाही को लेकर कारणपृच्छा। Voice of Darbhanga

दरभंगा : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दरभंगा कार्यक्रम की तैयारी को लेकर जिला प्रशासन अपनी पूरी शक्ति झोंक दी है. जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की ओर से लगातर तैयारी की समीक्षा प्रति दिन की जा रही है. इसी क्रम में अधिकारियों की लापरवाही भी उजागर हो रही है. आज जब जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई और अधिकारियों ने अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, तो जिला योजना पदाधिकारी के प्रतिवेदन पर असंतोष व्यक्त किया और कर्तव्य के प्रति लापरवाही माना. जिसके बाद उनके विरूद्ध स्पष्टीकरण पूछने का आदेश दिया. समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने स्टुडेन्ट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत ज्यादा से ज्यादा संख्या में आवेदन प्राप्त कर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. हर घर बिजली को लेकर प्रस्तुत किये गये प्रतिवेदन पर जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया. साथ ही विपत्रों में त्रुटि को विशेष कैम्प लगाकर सुधारने का निर्देश दिया. वहीं हर घर नल का जल एवं पक्की गली-नाली योजना के लिए प्रांकलन बनाकर प्रशासनिक स्वीकृति लेने में तेजी लाने का निर्देश दिया. बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले के 719 वार्डों में इन योजनाओं में कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. सनद रहे कि मुख्यमंत्री 15 दिसम्बर की शाम समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेदकर सभागार में प्रमंडल के दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी जिला के कार्यों की समीक्षा करेंगे और 16 दिसम्बर को बिरौल अनुमंडल के कमलपुर वार्ड संख्या 9 के महादलित बस्ती में विकास योजनाओं का निरीक्षण व उद्घाटन करेंगे और उसके बाद शिवनगर घाट उच्च विद्यालय परिसर में आम सभा को संबोधित करेंगे और वहीं से जिला के विभिन्न योजनाओं का एकीकृत शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. बैठक में संबंधित अधिकारी व अभियंता मौजूद थे.

