
सरकार सोशल मीडिया को बना रही सूचना संप्रेषण का माध्यम, पर दरभंगा में हो रही है उपेक्षा! Voice of Darbhanga

दरभंगा। अभिषेक कुमार
तकनीक एवं संचार क्रांति के इस युग में साेशल मीडिया का अत्यंत विस्तार हो रहा है। इसका उपयोग करने वाले व्यक्तियों की संख्या अप्रत्याशित रूप से बढ़ रही है। सरकार के शीर्ष पदों पर आसीन भी इस माध्यम से संवाद प्रेषण का कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, बिहार द्वारा योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्मों का उपयोग किया जा रहा है। सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा सरकार के सभी विभागों के पदाधिकारियों से विभाग के इस मुहिम से जुड़कर सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने हेतु अनुरोध किया गया है। पत्र में वर्णित है कि सरकार के सचिव, सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, बिहार द्वारा सोशल मीडिया कम्युनिकेशन हब का उपयोग करने हेतु सभी जिला पदाधिकारी को पत्र लिखा गया है। सचिव द्वारा बताया गया है कि सरकार के कार्यक्रमों, अभियानों, नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर सरकार के कार्यक्रमों, अभियानों, योजनाओं तथा समसामयिक विषयों पर नागरिकों की प्रतिक्रिया, अनुक्रिया प्राप्त करने के उदेश्य से सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के द्वारा सोशल मीडिया कम्यूनिकेशन हब की स्थापना की गई है। सोशल मीडिया हाल के वर्षों में नागरिकों से विचारों का आदान-प्रदान तथा उनके विचारों से अवगत होने में एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। ऐसा देखा गया है कि सोशल मीडिया का दुरूपयोग कर असामाजिक तत्वों के द्वारा भ्रामक पोस्ट वॉयरल कर दिया गया है तथा इससे विधि व्यवस्था की गंभीर समस्या उत्पन्न हुई है। सोशल मीडिया के दुरूपयोग से उत्पन्न समस्या का सामना सोशल मीडिया के माध्यम से ही किया जा सकता है। इसके माध्यम से न केवल सरकारी नीतियों, कार्यक्रमों तथा सूचनाओं को आमजन तक पहुंचाया जा सकता है बल्कि भ्रामक पोस्ट के सोशल मीडिया पर वॉयरल होने की दशा में तथा नकारात्मक प्रचार की स्थिति में ऐसी खबरों का खंडन सूचना, क्रियेटिव, वीडियो, ऑडियो तथा आलेख आदि के माध्यम से किया सकता है। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का एड्रेस जारी किया गया है। फेसबुक के लिए iprdbihar, ट्वीटर के लिए /@iprd_Bihar, यू-ट्यूब के लिए /@iprd_Bihar, गूगल प्लस के लिए+InformationPublicRelationDepartmentBihar, एवं इंस्टाग्राम के लिए https://goo.gl/DFQv15, आधिकारिक वेब-एड्रेस पर पोस्ट किये गये सामग्री को फॉलो, लाईक, शेयर करें और आम नागरिकों के बीच विभाग की इस नयी पहल का प्रचार करते हुए इससे जुड़ने हेतु सभी को प्रेरित करने का अनुरोध किया गया है।
बात दरभंगा जिले की करें तो पिछले करीब डेढ़ साल से वॉयस ऑफ़ दरभंगा ने दरभंगा जिले से जुड़ी सूचनाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से सशक्त तरीके से संप्रेषित किया है। अपने वेबसाइट www.voiceofdarbhanga.com के अलावा यूट्यूब एवं फेसबुक पेज तथा मोबाइल एप आदि के माध्यम से भी लगातार सूचनाओं का संप्रेषण किया है। इसकी बदौलत इतने कम समय में इस पोर्टल के पाठकों की संख्या हाल ही में पाँच लाख को पार किया है। सूचनाओं में तथ्य के साथ विश्लेषण होने के कारण विश्वसनीयता भी स्थापित हुई और इसी कारण इन संप्रेषित सूचनाओं पर प्रशासनिक संज्ञान भी लगातार देखने को मिला है। पुलिस की मदद भी कुछ मामलो में इस पोर्टल के माध्यम से हो चुकी है।
वाबजूद इसके दरभंगा में इस पोर्टल को लगातार उपेक्षित करने का प्रयास कुछ स्थापित मीडिया हाउस के प्रतिनिधियों द्वारा सम्बंधित अधिकारियों के सहयोग से जारी है। इसका कारण कहीं न कहीं बदलते परिवेश में परंपरागत समाचार माध्यमो द्वारा दरभंगा में वॉयस ऑफ़ दरभंगा को अपने स्थापित प्रभुत्व को खतरा मान लेना भी नजर आता है। बहुत सी खबरें जिला स्तर के प्रशासनिक एवं राजनितिक कमियों को उजागर करने वाला को दबाने केलिए पाँच-सात मीडिया हाउस को मैनेज कर लेना काफी होता था। इनके अलावा कोई अन्य सुचना संप्रेषण का माध्यम विकल्प के रूप में उपलब्ध नही था। परंतु वॉयस ऑफ़ दरभंगा द्वारा ऐसी सूचनाओं को प्रमुखता से संप्रेषित करने पर इसे पब्लिक डोमेन में वायरल होते देर नही लगती। ऐसे में खबर को दबाने पर पूर्व से स्थापित मीडिया माध्यमो के भी प्रतिष्ठा को धूमिल होने का दवाब पड़ने लगा। मजबूरन इन सूचनाओं को अपने समाचार में कुछ न कुछ जगह उन्हें देना पड़ जाता है।
हलाँकि ऐसे कुछ मीडिया हाउस के प्रतिनिधियों द्वारा कमजोर मानसिकता वाले सम्बंधित अधिकारी को वॉयस ऑफ़ दरभंगा की नेगेटिव छवि प्रस्तुत कर उनके द्वारा सरकारी कार्यक्रमों एवं बैठकों की सूचना से दूर रखने का प्रयास लगातार जारी है। उनकी मानसिकता बनायी जाती है कि वॉयस ऑफ़ दरभंगा उनलोगों की तरह बैठक या कार्यक्रम का केवल सकारत्मक पक्ष नही, बल्कि कुछ नकारत्मक हुआ तो वह भी दिखा देगा। और वॉयस ऑफ़ दरभंगा ने दिखा दिया तो उनपर भी दिखाने का दवाब होगा।
इन सारी बाधाओं-अपेक्षाओं के वाबजूद जनता के विश्वास और प्यार तथा अपने सूचना तंत्र की बदौलत वॉयस ऑफ़ दरभंगा लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से दरभंगा जिले की सूचनाओं के संप्रेषण का एक सशक्त और विश्वसनीय माध्यम बना हुआ है।

