
रेजकी नही लेने का खुलेआम नोटिस लगा पेट्रोल पंप प्रबन्धन कर रहा राष्ट्रीय मुद्रा का अपमान! Voice of Darbhanga

दरभंगा। अभिषेक कुमार
दरभंगा के कुछ पेट्रोल पम्प वाले काफी समय से रेजकी लेना बंद कर चुके हैं। इस बात को लेकर अक्सर ग्राहकों से बकझक होती रहती है। शहर के मुख्य स्थलों में से एक लालबाग स्थित पंसारी पेट्रोल पंप ने तो बाकायदा नोटिस तक चिपका रखा है कि पेट्रोल पंप पर रेजकी नही लिया जाता है। अगर कोई इसपर आपत्ति करे तो उसे पम्प पर चिपके नोटिस को दिखा कर बता दिया जाता है कि प्रबन्धन का ही आदेश है। किसी भी प्रकार के सिक्के नही लिए जाते हैं।
इस संबंध में बुधवार को पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने पहुँचे स्थानीय निवासी लालबाबू के द्वारा इस नोटिस पर आपत्ति की गयी और इसे राष्ट्रीय मुद्रा का अपमान बता कर ऐसा न करने का अनुरोध किया गया तो उनके साथ कर्मियों ने बदसलूकी तक कर डाली। इसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत करने की बात कही तो कार्मियों ने साफ़ लहजे में कहा कि जहाँ शिकायत करनी हो करे। कोई कुछ नही बिगाड़ सकता। तब पीड़ित ने वॉयस ऑफ़ दरभंगा को इसकी जानकारी दी। गुरूवार को वॉयस ऑफ़ दरभंगा द्वारा इसकी पड़ताल की गयी तो मामला सत्य पाया गया।
अब सवाल उठता है कि जो मुद्राएं सरकार द्वारा प्रचलन में मान्यता प्राप्त है तो फिर पेट्रोल पंप प्रबन्धन कैसे सीधे तौर पर इसप्रकार राष्ट्रीय मुद्रा को अपमानित कर सकता है! तमाम अधिकारी एवं नेताओं की गाड़ियां भी इस पम्प से तेल भरवाने आते हैं, पर किसी के द्वारा अबतक संज्ञान नही लिया जाना भी अपने आप एक बड़ा आश्चर्य है।

