
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियां पूरी, शाम तीन बजे दरभंगा पहुँचने की संभावना। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बिहार के मुख्यमंत्री सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार विकास समीक्षा यात्रा के क्रम में शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। वे शुक्रवार की शाम तकरीबन 3 बजे दरभंगा आएंगे। सर्किट हाउस में फ्रेस होने के बाद समाहरणालय स्थित डॉ. भीम राव अंबेदकर सभा भवन में शाम पांच बजे से प्रमंडलस्तरीय समीक्षात्मक बैठक करेंगे। अगले दिन यानी 16 दिसंबर को दिन के 10.30 बजे मुख्यमंत्री कमलपुर गांव के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे। कमलपुर गांव के भ्रमण के बाद वे भवानीपुर गांव जा सकते हैं। इसके बाद वे बिरौल प्रखंड के शिवनगर घाट स्थित प्लस टू जनता उच्च विद्यालय मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे करोड़ों की विकास योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन करेंगे। जिला पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि सीएम के आगमन को लेकर सारी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हमलोग प्रयास करेंगे कि मुख्यमंत्री कमलपुर व भवानीपुर महादलित बस्ती का निरीक्षण करें। मुख्यमंत्री सचिवालय से अभी मिनट टू मिनट प्रोग्राम नहीं आया है।
सीएम की दो दिनी यात्रा को यादगार बनाने में जिला प्रशासन व जदयू ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री के स्वागत की जोरदार तैयारियां चल रही हैं। समाहरणालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेदकर सभा भवन का रंगरोगन किया गया है। चप्पे -चप्पे साफ सफाई की गई है। बिरौल प्रखंड के कमलपुर व भवानीपुर गांव की महादलित बस्तियों को नया लुक दिया गया है। दोनों गांवों में पानी टंकी बन कर तैयार है। इसे सजाया जा रहा है। दोनों गांवों की महादलित बस्ती में युद्धस्तर पर शौचालय का निर्माण किया गया है। सड़कें बनी हैं। महादलित बस्ती में घर घर विद्युत कनेक्शन दिया गया है। हर घर नल जल की व्यवस्था की जा रही है। जिला पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने गुरुवार को कमलपुर गांव की महादलित बस्ती वार्ड 9 का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने शौचालय निर्माण व जलमीनार का जायजा लिया। डीएम व एसएसपी सत्यवीर सिंह ने बिरौल प्रखंड के शिवनगर घाट स्थित प्लस टू जनता उच्च विद्यालय परिसर में बने सभा स्थल व हेलीपैड का भी निरीक्षण किया।

