
बंद चीनी मिलों को चालू कराने की मांग को लेकर गन्ना किसानों का धरना। Voice of Darbhanga

दरभंगा : गन्ना किसान चीनी मिल बचाव संघर्ष समिति के बैनर तले आज प्रमंडलीय आयुक्त कार्यायल के सामने धरना देकर अपनी मांगों के प्रति प्रशासन और सरकार का ध्यान आकृष्ट किया. किसान सकरी, रैयाम और लोहट मिल को चालू करने की मांग कर रहे थे. किसानों ने गन्ना लेकर प्रदर्शन भी किया. वहीं प्रवीन कुमार चौधरी पप्पू की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन भी किया. संघर्ष समिति के संयोजक वरूण कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि चीनी मिल बंद हो जाने से यहां के किसानों की आर्थिक स्थिति चरमरा गई है. यहां के किसानों को सिर्फ गन्ना ही नकदी फसल का जरिया था, लेकिन चीनी मिल बंद होने से किसान बदहाल हो गये. उन्होंने कहा कि अब भी यहां के किसान कुछ न कुछ गन्ना की खेती करते हैं, लेकिन उसे औने-पौने भाव में बेचना पड़ता है. उन्होंने गन्ना के समर्थन मूल्य बढ़ाने के साथ-साथ उन्नत प्रभेद के गन्ना बीज किसानों को उपलब्ध करवाने की मांग की. कार्यक्रम को संदीप चौधरी, सुजीत आचार्य, कृष्णानंद झा, पवन कुमार झा, सीताराम झा, सुशील यादव, तनु कुमार झा आदि ने संबोधित किया.

