
शिलान्यास हो चुके योजनाओं को समय सीमा के अंदर करें पूरा : मुख्यमंत्री। Voice of Darbhanga

दरभंगा : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शाम दरभंगा समाहरणालय स्थित बाबा साहेब भीमराव अम्बेदकर सभागार में प्रमंडल के दरभंगा-समस्तीपुर और मधुबनी जिला के विकास कार्यों की समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने समीक्षा के क्रम में अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिन योजनाओं का शिलान्यास हुआ है वह समय सीमा के अंदर पूरी होनी चाहिए. खासकर सात निश्चय के तहत हर घर नल का जल को लेकर मुख्यमंत्री काफी गंभीर थे. उन्होंने कहा कि ये बुनियादी सहुलियत और सुविधा उनके घरों तक पहुंचाना पहला लक्ष्य होना चाहिए. साथ ही शौचालय निर्माण का कार्य किसी भी हालत में अवरूद्ध नहीं हो. उन्होंने कहा कि अगले वित्तीय वर्ष तक हर घर में बिजली पहुंचा दी जाय. मुख्यमंत्री ने शराबबंदी और बाल-विवाह, जाति प्रथा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान प्राथमिकता के आधार पर चलाने का निर्देश दिया. वहीं धान की अधिप्राप्ति को लेकर भी कहा कि 19 प्रतिशत नमी वाले धान की भी खरीद की जाय, ताकि सरकारी खरीद का लाभ सभी किसानों को मिल सके. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जब तक समाज के सबसे निचले तबके तक नहीं पहुंचेगा तक तक विकास का कार्य पूरा नहीं होगा. प्रमंडल के दरभंगा-समस्तीपुर, मधुबनी के जिला ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर नल का जल योजना में दरभंगा के लिए चार लाख एक हजार 644 परिवार का इस वित्तीय वर्ष लक्ष्य रखा गया था. उपलब्धि अभी तक 12 हजार 548 है. वहीं समस्तीपुर के लिए पांच लाख 13 हजार 535 परिवार का लक्ष्य था. जिसमे अबतक 8 हजार 401 की उपलब्धि है. वहीं मधुबनी जिला के लिए लक्ष्य चार लाख 34 हजार 591 था, उपलब्धि एक हजार 359 है. साथ ही सभी विधायकों से बारी-बारी उनकी समस्या को सुना. मुख्यमंत्री के साथ जिला के प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी, पीएचडी मंत्री विनोद नारायण झा, खाद्यआपूर्ति मंत्री मदन सहनी, मंत्री मंजू देवी के साथ समीक्षा की. मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक पी.के ठाकुर मौजूद थे. इसके अलावा 14 विभागों के प्रधान सचिव, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक के अलावे दरभंगा-समस्तीपुर और मधुबनी के जिलाधिकारी व एसपी-एसएसपी मौजूद थे. बैठक में राजद के विधायक अब्दुलबारी सिद्दीकी और ललित यादव अनुपस्थित थे, लेकिन राजद के फराज फातमी और भोला यादव मौजूद रहे. इसके अलावा भाजपा विधायक संजय सरावगी, जीवेश मिश्रा, जदयू विधायक शशि भूषण हजारी के अलावे सभी विधान पार्षद मौजूद थे.

