
समस्तीपुर एसपी पर अनुशासनात्मक कारवाई का मुख्यमंत्री ने डीजीपी को दिया निर्देश। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शराब माफियाओं से मिलीभगत के आरोप में हटाए गए एक थानाध्यक्ष की पुन: उसी थाने में पोस्टिंग करने को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समस्तीपुर के एसपी की क्लास लगाई। इस सिलसिले में पूछने पर एसपी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर सीएम ने नाराजगी जताते हुए डीजीपी को एसपी के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद अधिकारियों में खलबली मच गई। मुख्यमंत्री शुक्रवार को दरभंगा कलेक्ट्रेट के सभागार में प्रमंडल के तीनों जिले दरभंगा, समस्तीपुर व मधुबनी के विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने सात निश्चय के तहत विकास कार्यों में दरभंगा के अलावा मधुबनी और समस्तीपुर में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने बैठक में मौजूद अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि कर्तव्यहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसी कड़ी में समस्तीपुर के एसपी को भी मुख्यमंत्री की नाराजगी का कोपभाजन बनना पड़ा। उन्होंने विभिन्न जिलों के डीएम को निर्धारित लक्ष्य जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने बैठक में प्रमंडल के अधिकारियों को कई निर्देश दिए।

