Home मुख्य महादलित बस्ती में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद्द होते ही भड़के लोग, डीएम ने बताया समय की कमी। Voice of Darbhanga
मुख्य - December 16, 2017

महादलित बस्ती में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम रद्द होते ही भड़के लोग, डीएम ने बताया समय की कमी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समीक्षा यात्रा दौरान उन्हें शनिवार को बिरौल अनुमंडल के भवानीपुर पंचायत के मुसहरी टोल के वार्ड नम्बर 9 और 12 में जाना था, जहां लोग कई दिनों से सीएम के आने का इंतजार कर रहे थे. सीएम का कार्यक्रम अचानक रद्द होने के कारण लोग नाराज हो गए.

भवानीपुर पंचायत के महादलित टोला में मुख्यमंत्री के नहीं आने से ग्रामीण नाराज हो गये और गांव में लगे पोस्टर बैनर को फाड़ते हुए सड़क जाम कर मुख्यमंत्री के पोस्टर को आग के हवाले कर दिया. साथ ही सीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. वहां मौजूद बेनीपुर के प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को घेरकर लोगों ने बंधक बना लिया. बाद में बिरौल एसडीओ मो0 शफीक के पहुंचकर लोगो को समझा बुझाकर वहाँ से पदाधिकारियों को निकाला.

दरअसल समीक्षा यात्रा के दौरान बिरौल प्रखंड के भवानीपुर पंचायत के वार्ड नं 9 और 12 वार्ड का कार्यस्थल का निरीक्षण के साथ-साथ जल मीनार का उद्घाटन करना था, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा वार्ड 9 का निरीक्षण कर लौट गए. इससे खफा वार्ड नं- 12 के महादलित परिवारों के लोगों ने नीतीश के लगे पोस्टर को फाड़ते हुए पोस्टर को आग के हवाले कर दिया.

लोगों ने सड़क जाम कर दिया. वहीं ग्रामीणों का कहना था कि जबतक मुख्यमंत्री स्वयं आकर इस जलमीनार का उद्घाटन नही करेंगे तबतक यह मीनार चालू नहीं होगा.

इस पूरे मामले पर जब वॉयस ऑफ़ दरभंगा ने दरभंगा के जिलाधिकारी डा0 चंद्रशेखर सिंह से बात की तो उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर द्वारा दरभंगा मुख्यालय से बिरौल जाना था. परंतु खराब मौसम और धुंध की वजह से उन्हें सड़क मार्ग से जाना पड़ा जिसमे करीब 50 मिनट अधिक लग गया. इस कारण कार्यक्रम को थोड़ा सांक्षिप्त करना पड़ा क्योंकि फिर उन्हें समस्तीपुर भी समय पर पहुंचना था. इस कारण कमलपुर के वार्ड 12 में उनका भ्रमण नही हो सका. वहां तैयारी की गयी थी और लोग स्वागत केलिए इंतजार में थे, पर ऐन मौके पर कार्यक्रम रद्द होने के कारण लोग थोड़े आक्रोशित हो गए जिन्हें प्रशासन द्वारा समझा बुझा कर शांत करा लिया गया।

Share

Leave a Reply