
तीन दिवसीय अंतर महाविद्यालय युवोत्सव 2017 का कुलपति ने किया उदघाटन। Voice of Darbhanga

दरभंगा: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की ओर से 16 से 18 दिसम्बर तक होनेवाले अन्तर महाविद्यालय युवा महोत्सव 2017 “युवोत्सव” का उद्घाटन शनिवार को सिल्वर जुबली हाल में कुलपति प्रो. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी युवा अपने विश्वविद्यालय के साथियों से परिचय प्राप्त करें और आपसी तालमेल बनायें । आगे बढ़ने हेतु हर विद्या में भाग लेकर अध्ययन के साथ-साथ विशिष्ट कलाओं में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने युवाओं से मिथिलांचल के सभी साथियों से मिलकर इस युवा-महोत्सव को यादगार एवं सफल बनाने की कामना की।
युवोत्सव का आरंभ में विश्वविद्यालय संगीत एवं नाट्य विभाग की छात्राओं द्वारा गाए गए कुलगीत से हुआ । युवा महोत्सव के संयोजक प्रो. अजय नाथ झा एवं कुलसचिव ने मंचासीन अतिथियों का पाग-चादर एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। मंच पर मानवीकि संकायाध्यक्ष प्रो. रामचन्द्र ठाकुर, विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. उपेन्द्र कुमार, ललित काला संकायाध्यक्ष प्रो. लावण्य कीर्ति सिंह ‘काव्या‘ तथा सिंडिकेट सदस्य डॉ. वैद्यनाथ चैधरी बैजू उपस्थित थे।
प्रो. लावण्य कीर्ति सिंह ‘काव्या‘ ने स्वागत उद्बोधन में आगत अतिथियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राऐं प्रतिवर्ष इस युवा महोत्सव में भाग लेते हैं। प्रतिवर्ष उनकी प्रतिभा में तुलनात्मक निखार की अपेक्षा होती है। इस महोत्सव में संगीत, नृत्य, नाट्य, ललित कला तथा साहित्यिक विधाओं के अन्तर्गत 26 विभिन्न कलाओं में प्रतिभागियों के बीच प्रतियोगिताऐं होती है और चुने गए उत्कृष्ट प्रतिभागी प्रतियोगिता के राष्ट्रीय स्तर तक भाग लेते हैं जो प्रतिभागी के साथ-साथ विश्वविद्यालय एवं उक्त क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इस वर्ष इस महोत्सव में पच्चीस महाविद्यालयों, स्नातकोत्तर विभागों के लगभग छ:सौ प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इसका सफलतापूर्वक आयोजन निश्चित ही युवाओं में उत्साहवर्द्धन का कार्य करेगा।

